'पाकिस्तान के लिए जासूसी कर रही थी ज्योति मल्होत्रा': पुलिस को मिले सबूत, 3 महीने की जांच के बाद 2500 पन्नों की चार्जशीट दाखिल
Published:
2 min read

हरियाणा के हिसार से मई में ज्योति को गिरफ्तार किया गया था।
हरियाणा पुलिस ने यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा के खिलाफ तीन महीने की जांच के बाद 2500 पन्नों की चार्जशीट दाखिल कर दी गई है। पुलिस को पर्याप्त सबूत मिले हैं, जिनसे ये पता चलता है कि ज्योति पाकिस्तान के लिए जासूसी कर रही थी।
NDTV ने पुलिस सूत्रों के हवाले से बताया, ज्योति लगातार पाकिस्तानी हाईकमीशन के संपर्क में थी। पुलिस ने हरियाणा के हिसार से मई में ज्योति को गिरफ्तार किया था। ज्योति यूट्यूब पर 'ट्रेवल विथ जो' नाम से चैनल चलाती थी। पुलिस के मुताबिक, ज्योति दो बार पाकिस्तान गई थी। वह पाकिस्तानी हाईकमीशन में काम करने वाले एहसान उर रहीम उर्फ दानिश के संपर्क में थी।
रहीम के संपर्क में थी ज्योति
पहलगाम हमले के बाद भारत ने ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान पर हमला किया था। इसके बाद रहीम को अवांछित घोषित कर दिया गया था और उसे 24 घंटे के भीतर भारत छोड़ने का आदेश दिया गया था। रहीम उर्फ दानिश पर भारतीय सेना की गतिविधियों की जासूसी करने और संवेदनशील जानकारी शेयर करने का आरोप लगा था।
हिसार पुलिस ने चार्जशीट में कहा, ज्योति लंबे वक्त से जासूसी कर रही थी। सूत्रों के मुताबिक, चार्जशीट में ज्योति के रहीम से कनेक्शन का भी जिक्र है। साथ ही यह भी जांच में सामने आया है कि वह ISI एजेंट शाकिर, हसन अली और नासिर ढिल्लो के संपर्क में थी।
चीन और नेपाल भी गई थी ज्योति
चार्जशीट के मुताबिक, ज्योति 17 अप्रैल को पाकिस्तान गई थी। वह 15 मई को भारत लौटी। इसके 25 दिन बाद 10 जून को चीन गई। वहां जुलाई तक रुकी। इसके बाद वह नेपाल चली गई। जांच के दौरान पक्के सबूत मिले हैं कि ज्योति पाकिस्तान के लिए जासूसी कर रही थी। सूत्रों के मुताबिक, जब ज्योति करतारपुर कॉरिडोर से पाकिस्तान गई थी। तब वह पाकिस्तान के पंजाब प्रांत की सीएम मरयम नवाज से मिली थी और उनका इंटरव्यू किया था।

