राजस्थान में करंट लगने से 8 मजदूरों की मौत: झुंझुनूं में हाईटेंशन लाइन से टच हुई कंक्रीट मिक्सर मशीन; 5 झुलसे
Published:
2 min read

कंक्रीट मिक्स करने वाली मशीन का हाईड्रोलिक 11kv की हाईटेंशन लाइन से टच हो गया। मजदूर इसके संपर्क में आए,
नेशनल डेस्क. राजस्थान के झुंझुनूं जिले के छापोली गांव में सोमवार सुबह सड़क बना रहे 8 मजदूरों की करंट लगने से मौत हो गई। 5 अन्य मजदूर झुलस गए। हादसा सुबह करीब 10 बजे हुआ।
कंक्रीट मिक्स करने वाली मशीन का हाईड्रोलिक 11kv की हाईटेंशन लाइन से टच हो गया। मजदूर इसके संपर्क में आए, तो वह हादसे का शिकार हो गए। हादसे के बाद ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। उन्होंने बिजली विभाग पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं।
मिक्सर मशीन से फैला करंट
उदयपुरवाटी स्टेशन हाउस ऑफिसर रामपाल ने कहा- क्रंकीट मिक्स करने वाली मशीन पावरलाइन के संपर्क में आई। मशीन के हाइड्रोलिक जैक से वायर टच हुए। इसके जरिए करंट साइट पर करंट फैल गया। इस दौरान मजदूर काम में लगे हुए थे। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पावर पोल और लाइन पेड़ों से टच होती है। उन्होंने बिजली सप्लाई बंद करवाने के लिए ग्रिड सबस्टेशन कॉल किया, तो वहां कोई मौजूद नहीं था।
मृतकों में हलेदा मंडद्वारा गांव के हरिराम गुर्जर (30), मंगलचंद गुर्जर (22), कालूराम गुर्जर (29) और पवन गुर्जर (23) और छापौली के रहने वाले विष्णु सैनी (38), सुरेंद्र सौनी (30), मुकेश सैनी (27) और फतहचंद सैनी (32) शामिल हैं। घायलों में छापौली के रहने वाले महेंद्र, गीता रानी (45), संतारा देवी (35), गिदा राम (45) औप मंजू देवी (38) शामिल हैं।
CM ने हादसे पर दुख जताया
हादसे पर दुख जताते हुए CM भजनलाल शर्मा ने सोशल मीडिया X पर लिखा- झुंझुनूं में हुए हादसे में करंट लगने से मजदूरों की मृत्यु की खबर दुखद है। संबंधित अधिकारियों को घायलों के इलाज एवं प्रभावित परिवारों को तत्काल हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने तथा घटना की जांच के निर्देश दिए हैं।
यह खबर भी पढ़ें; बेंगलुरु के 5-स्टार होटल में 2 फॉरेनर्स की मौत: स्विमिंग पूल में करंट लगने से हादसा; बचाने पहुंचे दो लोग घायल
पीड़ित परिवारों को नौकरी देने की मांग
पूर्व मंत्री राजेंद्र गुढ़ा मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रशासन से पीड़ित परिवारों को तुरंत सहायता देने की मांग की। उन्होंने मृतकों के परिवार के एक-एक सदस्य को नौकरी देने की मांग की है। उन्होंने कहा- इस हादसे पर राजनीति नहीं होनी चाहिए। उदयपुरवाटी विधायक भगवान राम सैनी और DSP सुगन सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे।

