BMC का अजब-गजब यू-टर्न: पहले दीया मिर्जा से पटाखे-मुक्त दिवाली का वीडियो बनवाया, फिर 'एंटी-हिंदू' बताया; BJP बोली- हमें त्योहार मनाना न सिखाएं
Published:
5 min read

मुंबई में प्रदूषण-मुक्त दिवाली की अपील करने वाली एक्ट्रेस दीया मिर्जा का वीडियो BMC ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट से हटा दिया है।
नेशनल डेस्क। मुंबई महानगरपालिका (BMC) का एक फैसला कंट्रोवर्सी में आ गया है। जिस एक्ट्रेस से महानगरपालिका ने प्रदूषण-मुक्त दिवाली का संदेश देने वाला वीडियो बनवाया, उसी वीडियो को बाद में अपने सोशल मीडिया अकाउंट से हटा दिया। बात यहीं खत्म नहीं हुई। एक्ट्रेस को एंटी हिंदू भी बताया गया और उन्हें यह तक सलाह दी गई कि हमें त्योहार मनाना न सिखाएं।
पहले BMC ने ही दीया से बनवाया था वीडियो
मुंबई में बढ़ते वायु प्रदूषण को देखते हुए BMC ने प्रदूषण-मुक्त दिवाली मनाने के लिए एक कैंपेन शुरू किया है। इसमें लोगों से पटाखे कम जलाने और पर्यावरण का ध्यान रखते हुए त्योहार मनाने की अपील की जा रही है। BMC का यह कैंपेन बॉम्बे हाईकोर्ट के उस निर्देश के बाद आया था, जिसमें सार्वजनिक जगहों पर पटाखे न जलाने की बात कही गई थी।
इस कैंपेन के लिए BMC ने कई जानी-मानी हस्तियों की मदद ली। इनमें दीया मिर्जा, माधुरी दीक्षित, निशिगंधा वाड और क्रिकेटर अजिंक्य रहाणे शामिल हैं। इसके तहत अलग-अलग वीडियो मैसेज बनाए गए। ऐसे ही एक वीडियो में दीया लोगों से प्रदूषण को लेकर सावधानी बरतने की अपील करती नजर आई थीं।
सबसे पहले मुंबई BJP प्रेसिडेंट की आपत्ति
रविवार को मुंबई BJP अध्यक्ष अमित साटम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर दीया मिर्जा के वीडियो को लेकर आपत्ति जताई। उन्होंने BMC के ऑफिशियल अकाउंट को टैग करते हुए लिखा- हमें दीया मिर्जा से दिवाली मनाने का तरीका सीखने की जरूरत नहीं है। हमारी परंपराएं हमारी संस्कृति में गहराई से जुड़ी हुई हैं।
साटम की इस पोस्ट के कुछ ही घंटों बाद BMC ने दीया का वीडियो अपने सोशल मीडिया अकाउंट से हटा दिया। हालांकि, कैंपेन में शामिल बाकी हस्तियों के वीडियो नहीं हटाए गए।
इस फैसले के बाद सवाल उठने लगे कि अगर प्रदूषण-मुक्त दिवाली का संदेश BMC के कैंपेन का हिस्सा था, तो सिर्फ दीया मिर्जा का वीडियो ही क्यों हटाया गया?
दीया बोलीं- हाईकोर्ट और BMC के कहने पर बनाया था वीडियो
वीडियो हटाए जाने पर दीया मिर्जा ने नाराजगी जताई। न्यूज एजेंसी ANI से बातचीत में उन्होंने कहा कि यह वीडियो उन्होंने बॉम्बे हाईकोर्ट और BMC के निर्देश पर लोगों की भलाई के लिए बनाया था।
दीया ने कहा- जिस वीडियो को मैंने बॉम्बे हाईकोर्ट और BMC के कहने पर लोगों के हित में रिकॉर्ड किया, उस पर किसी को आपत्ति क्यों होनी चाहिए? वायु प्रदूषण चिंता का विषय है। प्रदूषण कम करने की हर कोशिश का स्वागत होना चाहिए, क्योंकि यह लोगों की सेहत से जुड़ा मामला है।
BMC मेयर ने दीया को एंटी हिंदू बताया
मुंबई की मेयर ऋतु तावड़े ने सोमवार को दीया मिर्जा पर निशाना साधा। उन्होंने एक्ट्रेस को 'एंटी-हिंदू' बताते हुए कहा कि वह हमेशा बंटवारा करने वाली ताकतों के साथ खड़ी रही हैं।
तावड़े ने कहा- दीया मिर्जा ने NEET परीक्षा के मुद्दे पर PM मोदी को ट्रोल किया। वह हमेशा से एंटी-हिंदू रही हैं। इसलिए हमने उन्हें ब्लैकलिस्ट कर दिया है।
नितेश राणे बोले- ईद और मुहर्रम पर ऐसी सलाह क्यों नहीं देतीं?
BJP नेता और महाराष्ट्र सरकार में मंत्री नितेश राणे ने भी दीया मिर्जा की आलोचना की। उन्होंने सवाल उठाया कि एक्ट्रेस ने दिवाली पर प्रदूषण को लेकर पोस्ट किया, लेकिन ईद, मुहर्रम और बकरीद के दौरान ऐसी सलाह क्यों नहीं दी? उनके जैसे लोग सनातन हिंदू धर्म के खिलाफ हैं।
उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से बात करेंगे और भविष्य में ऐसे मामलों को रोकने पर ध्यान देंगे।
सवाल: BMC ने ही बनवाया तो फिर विरोध क्यों?
BJP नेताओं के बयानों के बाद सवाल उठने लगे कि BMC में BJP का ही राज है। इन्हीं के प्रशासन ने दीया मिर्जा से यह वीडियो बनवाया। अब उन्हें ही इस पर टारगेट क्यों किया जा रहा है?
शिवसेना (UBT) की प्रवक्ता और मुंबई की पूर्व मेयर किशोरी पेडनेकर ने पूछा कि क्या BMC का एडमिनिस्ट्रेशन BJP या उसके मुंबई अध्यक्ष का गुलाम बन गया है? प्रशासन को BJP के सांप्रदायिक एजेंडे के सामने नहीं झुकना चाहिए था।
MNS पार्षद यशवंत किल्लेदार ने भी साटम पर निशाना साधा। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अगर BJP मुंबई अध्यक्ष को पटाखे इतने पसंद हैं, तो पार्टी के पदाधिकारी उनके घर के बाहर जितने चाहें उतने पटाखे फोड़ सकते हैं।
सोशल मीडिया पर भी ये टॉपिक ट्रेंड कर रहा है। कोई लिख रहा है कि दीया के सरनेम के कारण BMC ने सिर्फ उन्हें टारगेट किया, जबकि माधुरी और अजिंक्य रहाणे के वीडियो अभी भी BMC के पेज पर हैं। किसी ने यह भी लिखा कि BJP शायद भूल गई कि उसी के एडमिनिस्ट्रेशन ने यह वीडियो बनवाया तो किसी ने कहा यह तो जानबूझकर बनवाया गया ताकि फिर विरोध कर कुछ नया बखेड़ा खड़ा किया जाए।
यह भी पढ़ें...
Delhi Pollution: दिल्ली में AQI 420; विंटर एक्शन प्लान के पहले दिन ₹68.4 लाख की पेनल्टी

