PM मोदी के आरोप पर राहुल गांधी का पलटवार: बोले- आप विदेशी मदद से प्रधानमंत्री बने, मैं आपके बारे में सब जानता हूं
Published:
3 min read

PM मोदी ने पिछले हफ्ते विपक्ष पर विदेशी मदद से देश तोड़ने का आरोप लगाया था। अब राहुल गांधी ने उनके बयान का जवाब दिया है। (फोटो सोर्स: ANI)
नेशनल डेस्क। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने PM मोदी के उस बयान पर पलटवार किया है, जिसमें उन्होंने विपक्ष पर विदेशी मदद से देश तोड़ने की साजिश रचने का आरोप लगाया था। राहुल गांधी ने कहा कि असल में मोदी जी विदेशी मदद से प्रधानमंत्री बने हुए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि इनके राज में देश की पूरी अर्थव्यवस्था भी विदेशियों के हाथ में चली गई है।
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर PM मोदी के बयानों से जुड़ी एक रिपोर्ट शेयर करते हुए लिखा- मोदी जी, अब देश से झूठ बोलना बंद करो। आप विदेशी मदद से PM बने और विदेशी मदद से ही अब तक इस पद पर बने हुए हैं। देश की इकोनॉमी भी पूरी तरह से विदेशियों के नियंत्रण में है। विदेशी सोशल मीडिया पूरी तरह आपके साथ खड़ा है।
राहुल गांधी ने आगे लिखा- मैं आपको इस मुद्दे पर खुली बहस की चुनौती देता हूं। आप कोई भी मंच और कोई भी वक्त तय कीजिए। हालांकि मैं जानता हूं कि आप नहीं आएंगे क्योंकि जो मैं आपके बारे में जानता हूं आप उससे डरते हैं।
PM मोदी ने क्या कहा था?
PM मोदी बीते शनिवार (31 अक्टूबर) को राष्ट्रीय एकता दिवस के मौके पर गुजरात में एक रैली को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कहा- लोकतंत्र में विपक्ष की जिम्मेदारी सरकार की नीतियों का विरोध करना है, लेकिन यह हमारा दुर्भाग्य है कि विपक्ष अब विरोध करने के बजाय काम में रुकावट डालने वाली ताकत बन गया है।
उन्होंने कहा- निराशा और हताशा में डूबे ये लोग देश के विकास की राह में बाधाएं खड़ी कर रहे हैं। उन्होंने इसे ही अपना राजनीतिक एजेंडा बना लिया है। ये लोग संविधान की गरिमा और उसकी पवित्रता को भी ठेस पहुंचाने में जुटे हैं।
उन्होंने आगे कहा- कुछ ताकतें लगातार देश को बांटने की साजिश में लगी हुई हैं। 10 साल से ज्यादा वक्त की निराशा और हताशा के बाद अब ये ताकतें खुलकर सामने आ गई हैं। विदेश में कौन चुपके से किससे मिल रहा है? भारत विरोधी ताकतें किसका साथ दे रही हैं? कौन भारत के दुश्मनों की भाषा बोल रहा है? हमें इन सभी बातों और इनके पीछे के पैटर्न को समझना होगा और मिलकर इनका मुकाबला करना होगा।
PM मोदी ने यह भी कहा था कि जिस तरह सोशल मीडिया का इस्तेमाल हथियार की तरह किया जा रहा है, अफवाहें फैलाई जा रही हैं और भारत की छवि खराब करने की कोशिश हो रही है, उससे निपटने के लिए देश के लोगों को एकजुट होना होगा।
विपक्ष के प्रोटेस्ट को विदेशी साजिश से जोड़ रही है BJP
BJP अब विपक्ष के प्रोटेस्ट को विदेशी साजिश से जोड़ रही है। BJP के नेता और प्रवक्ता हर राज्य में लोकतंत्र बचाओ यात्रा निकाल रहे हैं और दावा कर रहे हैं कि कांग्रेस की लीडरशिप में विपक्ष देश को तोड़ना चाहता है और इसीलिए राहुल गांधी विदेशी ताकतों से मिलकर उनकी मदद से भारत में सत्ता परिवर्तन करना चाहते हैं। BJP लीडर निशिकांत दुबे से लेकर सुधांशु त्रिवेदी, संबित पात्रा समेत हर छोटे-बड़े लीडर विपक्ष के CEC और SIR के खिलाफ हालिया प्रोटेस्ट को विदेशी साजिश के तौर पर पेश कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें...

