नकली संसद में PM बन जाते, सोनिया गांधी को तसल्ली हो जाती: शाह का राहुल पर तंज; बोले- असली में कभी पीएम नहीं बन पाओगे
Published:
2 min read

अमित शाह ने विपक्ष का मॉक संसद को लेकर राहुल गांधी पर निशाना साधा। (फाइल फोटो)
नेशनल डेस्क. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने विपक्ष की मॉक पार्लियामेंट को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तंज कसा है। अमित शाह ने कहा- विपक्ष ने दो दिन पहले मॉक पार्लियामेंट की थी। मुझसे पूछा होता तो मैं कह देता कि नकली संसद में विपक्ष के नेता बने बिना आप एक बार PM बन जाओ। क्योंकि असली संसद में वे कभी प्रधानमंत्री नहीं बन पाएंगे। मॉक पार्लियामेंट में कम से कम एक बार पीएम बन जाते तो सोनिया गांधी के दिल को तसल्ली हो जाती।
अमित शाह ने कहा- राहुल गांधी जी आप इस तरह से चुनाव नहीं जीत पाएंगे। आप तीन-चार महीने देश में रहते हैं, फिर विदेश चले जाते हैं। आपको देश में पसीना बहाना होगा। देश की जनता के साथ एकजुट होकर उनकी समस्याओं को सुलझाना होगा।
ये भी पढ़ें: मल्लिकार्जुन खड़गे के घर विपक्ष की संसद: मीरा कुमार स्पीकर बनीं, ज्ञानेश कुमार के खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव आया; 6 आरोप लगाए, तीन मांगें रखीं
तेलंगाना में जनसभा कर रहे थे अमित शाह
अमित शाह तेलंगाना में बीजेपी की लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ मार्च को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान शाह ने कहा- राहुल जी, अगर EVM खराब है तो आपके रेवंत रेड्डी कैसे CM बन गए। केरल में आपकी सरकार कैसे आई। तमिलनाडु, हिमाचल प्रदेश में आपकी सरकार कैसे आई। EVM इतनी ही बुरी थी तो शपथ नहीं लेनी थी। जीतते हो तो कहते हो जनता से जिताया, हारते हो तो कहते हो कि EVM ने हराया। हिंदी बेल्ट में एक कहावत है कि नाच न जाने आंगन टेढ़ा।
खड़गे के घर पर रखी गई थी मॉक पार्लियामेंट
SIR और CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्ष ने आंदोलन को शनिवार (31 अक्टूबर) को नया रूप दिया था। विपक्ष ने कांग्रेस प्रेसिडेंट मल्लिकार्जुन खड़गे के घर पर मॉक संसद रखी थी। इस दौरान असली संसद की नकल करते हुए सेट-अप तैयार किया गया था और फिर संसद की तरह ही कार्यवाही चली।
विपक्ष ने ज्ञानेश कुमार को मुख्य चुनाव आयुक्त के पद से हटाने के लिए महाभियोग प्रस्ताव पेश किया और बारी-बारी से सभी दलों के लीडर ने इस प्रस्ताव के पक्ष में अपनी बात रखी। पूरा इवेंट हूबहू संसद की कार्यवाही की नकल रहा। डेस्क, चेयर से लेकर माइक और स्क्रीन तक, सब कुछ संसद की कॉपी करते हुए रखे गए। स्पीकर के पद पर पूर्व लोकसभा स्पीकर मीरा कुमार को बैठाया गया था।

