जम्मू कश्मीर: गिरफ्तार पाकिस्तानी नागरिक निकला आतंकियों का गाइड, चार आतंकियों को करा रहा था घुसपैठ
Published:
2 min read

जम्मू कश्मीर में घुसपैठ की कोशिश नाकाम (फाइल फोटो)
जम्मू कश्मीर में सुरक्षाबलों ने घुसपैठ की कोशिश कर रहे एक पाकिस्तानी नागरिक को LoC के पास से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार पाकिस्तानी नागरिक आतंकियों का गाइड था। वह चार आतंकियों को घुसपैठ कराने की कोशिश कर रहा था।
सुरक्षा अधिकारियों के मुताबिक, मोहम्मद आरिफ के साथ जैश ए मोहम्मद के चार आतंकी थे। वह उन्हें घुसपैठ कराने की कोशिश कर रहा था। जैसे ही भारतीय सुरक्षाबलों ने आरिफ को गिरफ्तार किया, उसके साथ मौजूद आतंकी पाकिस्तानी सीमा की तरफ कूद गए। इस दौरान उन्हें चोटें भी आई हैं।
द हिंदू की रिपोर्ट के मुताबिक, आरिफ पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर के डटोते गांव का रहने वाला है। उसे गंभीर इलाके के हजौरा पोस्ट से गिरफ्तार किया गया है। सीमा पर तैनात जवानों ने बॉर्डर पर संदिग्ध आतंकियों की संदेहास्पद गतिविधि देखी। ये आतंकी घने जंगलों का फायदा उठाकर भारतीय सीमा में घुसपैठ की कोशिश कर रहे थे।
'नो मैन्स लैंड में कूदकर भागे आतंकी'
आरिफ जैसे ही गिरफ्तार हुआ, आतंकी घने जंगलों की आड़ में 'नो मैन्स लैंड' में कूदकर भाग गए। भारतीय सुरक्षाबलों की ओर से फायरिंग नहीं की गई, क्योंकि पास में पाकिस्तानी चौकियां भी थीं। हालांकि, ड्रोन से लिए गए फुटेज में उस इलाके में खून के निशान मिले हैं, जिनसे पता चलता है कि आतंकियों को कूदने के वक्त चोटें भी आई हैं।
आरिफ के पास से एक मोबाइल फोन और 20 हजार पाकिस्तानी रुपये मिले हैं। उसने पूछताछ में बताया कि वह बॉर्डर के पास का ही रहने वाला है, इसलिए वह इलाके को अच्छी तरह से समझता है। उसने बताया कि वह पाकिस्तानी सेना के लिए काम करता है और आतंकियों को भारतीय सीमा में घुसपैठ कराता है। अधिकारियों के मुताबिक, आरिफ ने कई महत्वपूर्ण जानकारी बताई, इनसे भविष्य में घुसपैठ रोकने में काफी मदद मिलेगी।

