'Chindia, चाइना गुरु, ओलंपिक में ज्ञान': एस जयशंकर का राहुल गांधी-जयराम रमेश पर तंज; राज्यसभा में पूछा- क्या आप हिस्ट्री की क्लास में सो रहे थे?
Published:
3 min read

विदेश मंत्री एस जयशंकर ने राज्यसभा में राहुल गांधी पर निशाना साधा।
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने राज्यसभा में बुधवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी और जयराम रमेश पर तंज कसा। विदेश मंत्री ने उन्हें स्वयंभू चाइना गुरु कहा।
'चीन से इतनी मोहब्बत की Chindia शब्द बना लिया'
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा कि लोग चीन पर बहुत ज्ञान दे रहे हैं। कुछ लोग तो यह कह रहे हैं कि मैं चीन के बारे में ज्यादा नहीं जानता। उन्होंने कहा कि मैंने विदेश सेवा में 41 साल गुजारे हैं। और चीन में सबसे लंबे समय तक भारत का राजदूत रहा हूं। लेकिन अभी एक चाइना गुरु मेरे सामने बैठे हैं, जिनका चीन के प्रति इतना झुकाव है कि उन्होंने 'Chindia' शब्द का ईजाद किया था। इस पर राज्यसभा में NDA सांसद हंसने लगे। विदेश मंत्री ने कहा कि उन्हें इतनी मोहब्बत थी कि इस पर संधि भी बना ली।
दरअसल जयराम रमेश ने 2014 में ग्लोबल टाइम्स के इंटरव्यू में कहा था कि 10 साल पहले भारत और चीन के संबधों को बढ़ावा देने के लिए उन्होंने ‘चिंदिया’ शब्द का कॉन्सेप्ट दिया है।
उन्हें चीन का ज्ञान ओलंपिक में जाने से हुआ- विदेश मंत्री
उन्होंने कहा कि कुछ लोगों का चाइना का ज्ञान ओलंपिक जाने से हुआ है। अब जब वह ओलंपिक गए कहां साइन किए इसकी तो वह बात ही नहीं करते। और प्राइवेट ट्यूशन चीनी राजदूत से लेते थे।
राहुल गांधी का बिना नाम लिए कसा तंज
एस जयशंकर ने बिना राहुल गांधी का नाम लिए कहा कि जब चाइना हमारी जमीन ले रहा था, तब आप इतिहास की क्लास में सो रहे थे। उन्होंने कहा कि एक चाइना गुरु का कहना है कि चीन और पाकिस्तान बहुत नजदीक आ गए है। नजदीक इसलिए आए क्योंकि हमने PoK की धरती छोड़ दी। 1963 में पाकिस्तान ने शक्सगाम वैली दे दिया।
1967 में काराकोरम हाईवे की प्लानिंग शुरु हुई। 1986 में हाईवे बनकर खत्म हुआ। तब किसकी सरकार थी? उन्होंने कहा कि पाकिस्तान चाइना की नजदीकियां बढ़ी है लेकिन यह कहना गलत है कि यह रातोंरात बढ़ी हैं। फिर कहते हैं यह अचानक हो गया, किसी को नहीं पता, तो क्या आप हिस्ट्री की क्लास में सो रहे थे?
राहुल ने बोला था- विदेश मंत्री को चीन के बारे में समझ नहीं
राहुल गांधी ने 2023 में लंदन में चीन के साथ बॉर्डर गतिरोध पर मोदी सरकार पर निशाना साधा था। उन्होंने कहा था कि विदेश मंत्री को चीन के बारे में समझ नहीं है।

