शख्स ने पत्नी और 3 बेटियों की जान ली: सोते समय सभी के सिर ईंट से कुचले; जयपुर का मामला
Published:
2 min read

आरोपी पति राहुल झा और मृतक पत्नी गीता (फाइल फोटो)
नेशनल डेस्क. राजस्थान के जयपुर में एक शख्स पर अपनी पत्नी और तीन बेटियों की हत्या का आरोप लगा है। जयपुर पुलिस के मुताबिक, सभी अपने घर में सो रहे थे। आरोपी ने चुपके से हमला किया और ईंट से सभी के सिर पर बार-बार हमला किया, जिससे चारों की मौत हो गई।
पुलिस ने बताया, मरने वालों की पहचान गीता झा (40 साल) और उनकी तीन बेटियां नंदनी, गिरीशा और राधिका के तौर पर हुई। आरोपी की पहचान राहुल झा के तौर पर हुई। वह मृतक महिला का पति था। आरोपी राहुल झा हत्याकांड के बाद से फरार है। पुलिस को आशंका है कि पारिवारिक विवाद की वजह से यह घटना हुई।
कैसा खुला राज
पुलिस ने बताया कि मामला शुक्रवार सुबह 10 बजे सामने आया। जब पड़ोसियों को घर से कोई हलचल नहीं सुनाई दी, तो उन्हें शक हुआ। इसके बाद पुलिस को जानकारी दी गई। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को भी बुलाया। घटनास्थल से ब्लड के सैंपल ले लिए गए हैं। पुलिस ने बताया कि हमले में इस्तेमाल ईंट को भी कब्जे में ले लिया गया है।
डिप्टी कमिश्नर वेस्ट प्रशांत किरन ने बताया, पुलिस को आशंका है कि पारिवारिक विवाद की वजह से ये हत्या की गईं। हालांकि, अभी जांच जारी है। उन्होंने कहा- हम यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि आरोपी ने आकिर ये कदम क्यों उठाया। राहुल को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस ने टीमों का गठन कर दिया है।

