जगदीप धनखड़ का इस्तीफा: कार्यकाल पूरा होने से पहले पद छोड़ने वाले तीसरे उपराष्ट्रपति; जानें अब रेस में कौन-कौन?
Published:
3 min read

जगदीप धनखड़ ने स्वास्थ्य कारणों का हवाला देकर उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफा दिया।
जगदीप धनखड़ ने सोमवार (22 जुलाई 2025) को उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफा दे दिया। वे कार्यकाल पूरा होने से पहले इस्तीफा देने वाले तीसरे उपराष्ट्रपति हैं।
1969: वीवी गिरी ने राष्ट्रपति चुनाव लड़ने के लिए छोड़ा पद
इससे पहले 3 मई 1969 को उपराष्ट्रपति वीवी गिरी ने जाकिर हुसैन के निधन के बाद कार्यकारी राष्ट्रपति बने थे। इसके बाद उन्होंने 2 जुलाई 1969 को राष्ट्रपति चुनाव लड़ने के लिए इस्तीफा दे दिया था। गिरी उपराष्ट्रपति के तौर पर कार्यकाल न करने वाले पहले राष्ट्रपति थे।
2007: भैरोंसिंह शेखावत
21 जुलाई 2007 को भैरोंसिंह शेखावत ने राष्ट्रपति चुनाव में UPA उम्मीदवार प्रतिभा पाटिल से चुनाव हारने के बाद इस्तीफा दे दिया था। शेखावत के इस्तीफे के बाद 21 दिन तक उपराष्ट्रपति पद खाली रहा था। इसके बाद मोहम्मद हामिद अंसारी उपराष्ट्रपति बने।
- इसी तरह आर वेंटकटरमन, शंकर दयाल शर्मा और के आर नारायण ने भी उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफा दिया था। हालांकि, इन तीनों नेताओं ने राष्ट्रपति बनने के बाद पद से इस्तीफा दिया। कृष्ण कांत अकेले ऐसे उपराष्ट्रपति रहे, जिनका पद पर रहते हुए 27 जुलाई 2002 को निधन हो गया।
कौन बनेगा नया उपराष्ट्रपति
मानसून सत्र के पहले दिन जगदीप धनखड़ ने पद से इस्तीफा देकर सभी को चौंका दिया है। विपक्षी नेता धनखड़ के इस्तीफे को लेकर तमाम तरह के सियासी कयास भी लगा रहे हैं। बीजेपी के नेतृत्व वाला NDA गठबंधन जल्द ही नए उपराष्ट्रपति के नाम का ऐलान कर सकती है।
समाचार एजेंसी पीटीआई से बातचीत में बीजेपी के एक सीनियर नेता ने कहा, हमने प्रक्रिया शुरू कर दी है। लेकिन मुझे विश्वास है कि पार्टी ऐसे व्यक्ति के नाम का ऐलान करेगी, जो एक ठोस विकल्प हो और जिस पर कोई विवाद न हो। उन्होंने कहा, पार्टी के किसी वरिष्ठ नेता को इस संवैधानिक पद की जिम्मेदारी दी जाएगी।
हरिवंश सिंह बन सकते हैं नए उपराष्ट्रपति
उपराष्ट्रपति को लेकर जितने नामों की चर्चा है, उनमें राज्यसभा के उप सभापति हरिवंश सिंह सबसे आगे हैं। हरिवंश सिंह जनता दल के सांसद हैं। वे 2020 से उप सभापति हैं और मोदी सरकार के भरोसेमंद माने जाते हैं। यहां तक कि जब नीतीश कुमार ने बीजेपी से नाता तोड़कर महागठबंधन के साथ मिलकर सरकार बनाई थी, तब भी हरिवंश सिंह इस पद पर बने रहे।
समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक, बीजेपी धनखड़ की तरह किसी राज्य के राज्यपाल या किसी वरिष्ठ केंद्रीय मंत्री को भी उपराष्ट्रपति बना सकती है। धनखड़ उपराष्ट्रपति बनने से पहले पश्चिम बंगाल के राज्यपाल रहे। उनसे पहले वेंकैया नायडू इस पद पर थे। वे मोदी सरकार में मंत्री रहे थे। इसके अलावा बीजेपी संगठन के किसी शीर्ष नेता के नाम पर भी विचार किया जा सकता है।
जगदीप धनखड़ ने क्यों दिया इस्तीफा
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने मानसून सत्र के पहले दिन स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने राष्ट्रपति को सौंपे अपने इस्तीफे में कहा, स्वास्थ्य देखभाल को प्राथमिकता देने और चिकित्सा सलाह का पालन करने के लिए, मैं संविधान के अनुच्छेद 67 (ए) के अनुसार, तत्काल प्रभाव से भारत के उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफा देता हूं। मैं भारत की राष्ट्रपति के प्रति उनके अटूट समर्थन और मेरे कार्यकाल के दौरान हमारे बीच बने सुखद एवं अद्भुत कार्य संबंधों के लिए अपनी कृतज्ञता व्यक्त करता हूं.


