मोदी-शाह के लिए JNU में आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग: तेजप्रताप बोले- ऐसा करने वाले अनपढ़..कम से कम प्रधानमंत्री पद की गरिमा का ख्याल करिए
Published:
2 min read

तेजप्रताप यादव बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू यादव के बेटे और बिहार सरकार में पूर्व मंत्री हैं। इन्होंने बिहार चुनाव से पहले RJD से अलग होकर नया दल बना लिया था।
नेशनल डेस्क: JNU से जुड़े एक वायरल वीडियो में प्रधानमंत्री मोदी और गृहमंत्री शाह को लेकर आपत्तिजनक शब्द कहे गए। बताया जा रहा है कि JNU के कुछ छात्र शरजील इमाम और उमर खालिद की रिहाई के समर्थन में नारेबाजी कर रहे थे।
इस घटना पर तेज प्रताप यादव ने कड़ी नाराजगी जाहिर की है। तेज प्रताप ने कहा कि ऐसा करने वाले छात्र नहीं, अनपढ़ हैं। उन्हें PM पद की गरिमा का ख्याल नहीं है।
ऐसा करने वाले अनपढ़
तेज प्रताप ने कहा- जो लोग प्रदर्शन कर रहे हैं, वो नासमझ हैं। प्रधानमंत्री के बारे में इस तरह के शब्दों का प्रयोग नहीं करना चाहिए। मोदी जी, एक ओहदे पर हैं, इसलिए उनके लिए शब्दों का चयन सोच समझकर करना चाहिए। JNU के नाम पर जो छात्र ये अनपढ़ों वाला काम कर रहे हैं, उन्हें कम से कम ये सोचना चाहिए कि उनके हाथ में देश का भविष्य है।
उमर खालिद और शरजील इमाम को जमानत नहीं
दरअसल, दिल्ली 2020 दंगा मामले में सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को अहम फैसला सुनाया। सुप्रीम कोर्ट ने उमर खालिद और शरजील इमाम को जमानत देने से इनकार कर दिया। दोनों पर दिल्ली दंगों की साजिश का आरोप है। उन पर UAPA के तहत केस दर्ज है। शरजील-उमर सितंबर 2020 से जेल में हैं।
प्रदर्शन का वीडियो वायरल
इस फैसले के बाद दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू यूनिवर्सिटी के कुछ छात्रों ने कोर्ट के फैसले का विरोध किया। इस विरोध प्रदर्शन में मोदी-शाह के लिए आपत्तिजनक बातें बोली गईं। साथ ही, आपत्तिजनक पोस्टर भी लगाए गए। इससे जुड़ा एक वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो JNU कैंपस का बताया जा रहा।

