ट्रम्प के 50% टैरिफ के बीच PM मोदी का बड़ा बयान: अहमदाबाद में बोले- चाहें जितना भी दबाव पड़े, हम कोई न कोई रास्ता निकाल लेंगे
Published:
3 min read

दो दिन के गुजरात दौरे पर पीएम मोदी, 5400 करोड़ की परियोजनाओं की देंगे सौगात
अमेरिका के साथ टैरिफ तनाव को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बड़ा बयान दिया है। PM मोदी ने कहा कि चाहे कितना भी दबाव आए, हम कोई न कोई रास्ता निकाल ही लेंगे। अमेरिका में भारतीय सामान पर 50% टैरिफ 27 अगस्त से लागू होगा।
प्रधानमंत्री दो दिन के गुजरात दौरे पर हैं। यहां उन्होंने 5400 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया। पीएम ने अहमदाबाद में रोड शो किया। इसके बाद अहमदाबाद में उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि आज हम सभी दुनिया में आर्थिक स्वार्थ पर आधारित नीतियां देख रहे हैं। भारत ऐसे संरक्षणवादी उपायों के खिलाफ खड़ा रहेगा और अपने नागरिकों के हित को प्राथमिकता देगा।
पीएम मोदी ने कहा कि आज हम आतंकियों और उनके आकाओं को नहीं बख्शते, चाहे वे कहीं भी छिपे हों। दुनिया ने देखा, भारत ने पाहलगाम का बदला 22 मिनट में लिया। हमने सैंकड़ों किलोमीटर अंदर जाकर आतंकवाद के केंद्र पर हमला किया।"
PM मोदी ने छोटे दुकानदारों, किसानों, पशुपालकों और छोटे उद्यमियों को संबोधित करते हुए कहा कि मैं बार-बार गांधी की धरती से वादा करता हूं। मोदी के लिए आपका हित सर्वोपरि है। मोदी सरकार कभी भी छोटे उद्यमियों, पशुपालकों और किसानों को कभी नुकसान नहीं होने देगी।
PM मोदी ने कटोसन रोड और साबरमती के बीच चलने वाली रेलगाड़ी को भी हरी झंडी दिखाई।
इस ट्रेन के चलने से धार्मिक स्थलों तक पहुंच आसान होगी और स्थानीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।

उन्होंने कहा कि चरखाधारी मोहन, हमारे पूज्य बापू ने भारत की समृद्धि का रास्ता स्वदेशी में बताया था। यहां साबरमती आश्रम है। ये आश्रम इस बात का साक्षी है कि जिस पार्टी ने उनका नाम लेकर दशकों तक सत्ता सुख भोगते रहे, उसने बापू की आत्मा को कुचल दिया।
पीएम ने कहा, पिछले कई वर्षों से, जो दिन-रात गांधी के नाम पर अपनी गाड़ी चलाते हैं, उनके मुंह से एक बार भी न स्वच्छता शब्द सुना होगा और न स्वदेशी शब्द सुना होगा। 60-65 साल देश पर शासन करने वाली कांग्रेस ने भारत को दूसरे देशों पर निर्भर रखा, ताकि वो सरकार में बैठे बैठे इम्पोर्ट में भी खेल कर सकें, घोटाले कर सकें। लेकिन आज भारत ने आत्मनिर्भरता को विकसित भारत का आधार बना दिया है।

5,400 करोड़ के विकासकार्यों की सौगात
PM मोदी दो दिन के गुजरात दौरे पर हैं। पहले दिन उन्होंने अहमदाबाद में 5,400 करोड़ रुपये की कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। साथ ही पीएम मोदी ने विश्वस्तरीय इंफ्रास्ट्रक्चर और कनेक्टिविटी से जोड़ने कि लिए 1,400 करोड़ रुपये से अधिक की रेलवे परियोजनाओं का उद्घाटन किया।

