माली: अलकायदा के आतंकियों ने 3 भारतीयों को किया किडनैप, भारत ने तुरंत रिहाई की मांग की
Published:
2 min read

माली में भारतीयों के अपहरण पर विदेश मंत्रालय ने जताई चिंता
माली के कायेस में एक सीमेंट फैक्ट्री में काम कर रहे तीन भारतीयों को अलकायदा के आतंकियों ने बंधक बना लिया। विदेश मंत्रालय ने बुधवार को भारतीय नागरिकों को बंधक बनाए जाने की घटना पर चिंता व्यक्त की और माले सरकार से जल्द एक्शन लेकर रेस्क्यू करने की अपील की है।
विदेश मंत्रालय ने बताया कि बमाको में स्थित भारतीय दूतावास माले सरकार के संबंधित अधिकारियों, सुरक्षा एजेंसियों, डायमंड सीमेंट फैक्ट्री के मैनेजमेंट और पीड़ितों के परिजनों के लगातार संपर्क में है।
जल्द कदम उठाए माली सरकार
विदेश मंत्रालय ने कहा, 'भारत सरकार हिंसा की इस निंदनीय घटना की निंदा करती है और माली सरकार से बंधक बनाए गए भारतीय नागरिकों की जल्द और सुरक्षित रिहाई के लिए सभी जरूरी कदम उठाने की अपील करती है। मंत्रालय के अधिकारी स्थिति पर नजर रख रहे हैं और भारतीय नागरिकों की सुरक्षित और जल्द रिहाई के लिए विभिन्न एजेंसियों के संपर्क में हैं।
कैसे किडनैप हुए भारतीय
दरअसल, 1 जुलाई को अल कायदा से जुड़े आतंकियों ने माली के कायेस में डायमंड सीमेंट फैक्ट्री पर हमला किया था। इस दौरान आतंकियों ने यहां काम करने वाले तीन भारतीयों को किडनैप कर लिया था।
समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक, आतंकियों ने मंगलवार को माली के डिबोली, कायेस, सैंडेर, नियोनो और मोलोदो में हमले किए थे। समाचार एजेंसी एपी के मुताबिक, अल-कायदा से जुड़े जमात नुसरत अल-इस्लाम वाल-मुस्लिमीन ने माली के सैन्य ठिकानों पर हुए हमलों की जिम्मेदारी ली थी।

