नहीं टली है इंडिया-US डिफेंंस डील: 97 नए इंजन खरीदने पर चर्चा, अक्टूबर से हर महीने तेजस फाइटर जेट के लिए 2 इंजन मिलेंगे
Published:
2 min read

तेजस Mk2 के लिए भी F414 इंजन के लिए चर्चा चल रही है। (फाइल फोटो)
भारत पर अमेरिका के 50% टैरिफ के बावजूद, दोनों देशों के बीच डिफेंस डील रद्द नहीं हुई है। भारत, तेजस Mk1A फाइटर जेट के F404 इंजन की फास्ट-ट्रैक डिलीवरी के लिए अमेरिका से बातचीत कर रहा है। अभी तक GE ने सिर्फ 2 इंजन दिए हैं, जबकि डिलीवरी में एक साल से ज्यादा की देरी हुई है। तीसरा इंजन इस महीने मिलने की उम्मीद है। GE ने भरोसा दिलाया है कि अगस्त के बाद से हर महीने 1 इंजन और अक्टूबर के बाद 2 इंजन की सप्लाई होगी।
डिफेंस डील रोकने के दावे को सरकार के सूत्रों ने गलत और मनगढ़ंत बताया है। उनका कहना है कि अमेरिका के साथ डिफेंस डील रोकने के लिए सरकार की तरफ से कोई फैसला नहीं लिया गया। डील पहले की तरह बरकरार हैं।
97 इंजन की डील पर चर्चा
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, 99 इंजन डिलीवरी के अलावा, भारत 97 और इंजन खरीदने पर बात कर रहा है। रक्षा मंत्रालय ने इस खरीद को मंजूरी दे दी है। सूत्रों के अनुसार, F-404 इंजन की डील अगस्त के आखिर तक फाइनल हो सकती है। साथ ही, तेजस Mk2 के लिए F414 इंजन पर भी चर्चा जारी है, जिसकी टेक्निकल बातचीत पूरी हो चुकी है। हालांकि, इस डील के लिए कुछ महीने और लग सकते हैं। बता दें कि तेजस Mk2 फाइटर जेट भी भारत में ही बन रहा है।
HAL को 48,000 हजार करोड़ का ऑर्डर
मिग-21 की जगह पर तेजस को रिप्लेस करने की योजना है। हालांकि, तेजस की डिलीवरी में देरी की वजह से मिग-21 को अभी हाल ही में रिटायर किया गया। तेजस का प्रोडक्शन भारत में ही हो रहा है, लेकिन इसका इंजन अमेरिका की कंपनी बना रही है। इंजन की डिलीवरी मार्च 2024 की वजह मार्च 2025 में हुई। अभी तक सिर्फ 2 इंजन आए हैं। इंडियन एयरफोर्स ने 83 तेजस के लिए HAL को 48,000 हजार करोड़ का ऑर्डर दिया था।

