भारत-पाकिस्तान विवाद: एक दूसरे की उड़ानों के लिए अगले 1 महीने तक अपना एयरस्पेस बंद रखेंगे दोनों देश
Published:
2 min read

फाइल फोटो (Pixabay)
India-Pakistan Tension: पहलगाम हमले के बाद से भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव जारी है। इसी बीच पाकिस्तान ने भारतीय उड़ानों के लिए अपना एयरस्पेस 24 जुलाई तक बंद रखने का फैसला किया है। पाकिस्तान एविएशन अथॉरिटी के इस फैसले के तुरंत बाद भारत ने भी पाकिस्तानी विमानों के लिए अपने एयरस्पेस को बंद रखने का आदेश जारी कर दिया।
जम्मू कश्मीर के पहलगाम में 24 अप्रैल को आतंकी हमला हुआ था। आतंकियों ने 26 निहत्थे पर्यटकों की हत्या कर दी थी। इस हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के राजनयिक संबंधों में गिरावट आई है। पाकिस्तान ने 24 अप्रैल को अपने एयरस्पेस को भारत के विमानों के लिए बंद कर दिया था। वहीं, भारत ने 30 अप्रैल को पाकिस्तानी एयरक्राफ्ट और विमानों के लिए अपने एयरस्पेस को बंद कर दिया था।
24 जुलाई तक एयरस्पेस रहेंगे बंद
इसके बाद 23 मई को दोनों देशों ने 24 जून तक अपने अपने एयरस्पेस को एक दूसरे देशों के विमानों के लिए बंद कर दिया था। सोमवार को दोनों देशों के एविएशन अथॉरिटी ने NOTAM जारी कर एयरस्पेस बंद रखने के फैसले को एक महीने के लिए और बढ़ा दिया है।
हर हफ्ते 800 फ्लाइट पर पड़ रहा असर
पाकिस्तानी एयरस्पेस के बंद होने से हर हफ्ते करीब 800 भारतीय उड़ानें प्रभावित हो रही हैं। भारतीय उड़ान कंपनियों को यात्रा के लिए ज्यादा फ्यूल खर्च करना पड़ रहा है। इसके अलावा एयरलाइंस कंपनियों को अपना समय भी बदलना पड़ा है। इसके चलते कंपनियों का ऑपरेशनल खर्चा भी बढ़ गया है।
नॉर्थ इंडिया से पश्चिम एशिया, यूरोप, यूके और उत्तरी अमेरिका के लिए उड़ान भरने वाली भारतीय एयरलाइंस पहले पाकिस्तान का एयरस्पेस इस्तेमाल करती थीं। लेकिन अब वे लंबी दूरी से होते हुए डेस्टिनेशन पर पहुंच रही हैं। इसके चलते कई कंपनियों ने अपनी कुछ फ्लाइट्स भी कैंसल कर रखी हैं। भारत में सबसे ज्यादा असर एयर इंडिया पर पड़ा है। कंपनी सबसे ज्यादा इंटरनेशनल फ्लाइट हैंडल करती है। इससे पहले 2019 में बालाकोट एयरस्ट्राइक के बाद भी पाकिस्तान ने चार महीने तक अपने एयरस्पेस को बंद रखा था।

