रेप केस में फंसे आरोपी को क्लास करने की परमिशन: हॉस्टल में रुकने पर पाबंदी; IIM कोलकाता का मामला
Published:
2 min read

इंडियन इंस्टिट्यूट ऑफ मैनेजमेंट कलकत्ता के द्वारा बलात्कार के आरोपी को क्लास में आने की अनुमति दे दी गई
इंडियन इंस्टिट्यूट ऑफ मैनेजमेंट (IIM) कोलकाता ने रेप केस में फंसे एक आरोपी छात्र को क्लास अटेंड करने की परमिशन दे दी है। आरोपी का नाम परमानंद महावीर टोप्पनवर है। पुलिस ने उसे रेप के आरोप में गिरफ्तार किया था, जिसके बाद उसे जमानत मिल गई थी।
IIM कोलकाता के एकेडमिक काउंसिल ने फैसला लिया है कि आरोपी को 28 जुलाई से क्लास अटेंड करने दिया जाएगा। 2 साल के कोर्स में परमानंद 8 महीने और क्लास करेगा।
हॉस्टल में नहीं रह सकता आरोपी
हालांकि, जब तक कोलकाता पुलिस जांच कर रही है तब तक वो कैंपस के हॉस्टल में नहीं रह सकता। दरअसल, आरोपी छात्र ने कॉलेज प्रशासन के सामने रिक्वेस्ट किया था कि उसे क्लासेज अटेंड करने दी जाए। उसने 25 जुलाई को यह आवेदन किया था। काउंसिल ने उसके आवेदन पर विचार करते हुए परमिशन दे दी। वो लाइब्रेरी भी इस्तेमाल कर सकेगा। आरोपी छात्र ने यह भी मांग की थी कि उसे हॉस्टल में भी रहने दिया जाए। हालांकि, कॉलेज प्रशासन ने उसकी इस मांग को खारिज कर दिया।
महिला के पिता बोले- दबाव में लगाए थे आरोप
परमानंद महावीर टोप्पनवर को एक युवती से रेप के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। युवती ने आरोप लगाया था कि आरोपी ने उसे नशीला पदार्थ देकर दुष्कर्म किया था। हालांकि, बाद में युवती के पिता ने यह बयान दिया कि किसी के दबाव में बेटी ने ये आरोप लगाए थे। हालांकि, रेप का इल्जाम लगाने वाली युवती का अब तक कोई रिएक्शन नहीं आया है।

