नाबालिग बेटी ने प्रेमी संग मिलकर मां की हत्या की: पहले गला घोंटा फिर लोहे से सिर पर वार किया, मां को रिश्ते से ऐतराज था
Published: Updated:
2 min read

फोटो क्रेडिट- इंडियन एक्सप्रेस
हैदराबाद में नाबालिग बेटी द्वारा मां की हत्या करने का मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक,16 साल की एक लड़की ने 19 साल के बॉयफ्रेंड और उसके भाई के साथ मिलकर मां की हत्या कर दी। मृतक महिला का नाम अंजलि है। उसने अपनी बेटी के रिश्ते का विरोध किया था। बताया जा रहा कि तीनों आरोपियों ने अंजलि का पहले गला घोंटा फिर लोहे से सिर पर वार कर दिया। घटना 23 जून की रात की है।
प्रेमी संग भागने पर मां ने जताई थी आपत्ति
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, लोकल थाने के इंस्पेक्टर टी राजू ने कहा, ‘हमें पता चला है कि आरोपी लड़की पिछले 8 महीने से शिवा नाम के लड़के से कॉन्टैक्ट में थी। उसकी और शिवा की दोस्ती सोशल मीडिया के जरिए हुई थी।
19 जून को नाबालिग लड़की मां को बिना बताए शिवा के साथ भाग गई थी। मां अंजलि ने इसकी शिकायत पुलिस में की थी। पुलिस ने लड़की को ढूंढकर घर वापस भेज दिया। इसके बाद अंजलि ने बेटी को खूब डांटा।’
पहले गला घोंटा फिर लोहे से सिर पर वार किया
टी राजू ने आगे कहा, ‘23 जून की शाम लड़की ने शिवा को फोन किया और बताया कि उसकी मां उनके रिश्ते का विरोध कर रही है। यहीं से उन्होंने हत्या की प्लानिंग कर ली। 23 जून की रात लड़की ने शिवा और उसके भाई यशवंत को अपने घर बुलाया और दरवाजा खोल दिया। दोनों ने चुनरी और साड़ी से अंजलि का गला घोंट दिया। जब उन्हें लगा कि जान निकल गई है, तब से वहां से निकल गए।
आरोपी बेटी ने देखा कि मां की सांसें अभी भी चल रही हैं। उसने प्रेमी शिवा को वापस बुलाया। शिवा और उसके भाई ने इस बार लोहे से महिला के सिर और नाक पर वार किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।'
SC/ST सेल की सदस्य थी मृतका
रात 11.30 बजे लड़की ने अपनी मौसी और रिश्तेदारों को फोन कर झूठ बोला कि मां कुर्सी से गिर गई है और उसे गंभीर चोट लगी है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। बड़ी बहन ने बताया कि मृतक अंजलि के पति की कुछ साल पहले मौत हो गई थी। वो एक हैंडीक्राफ्ट कारीगर थी। साथ ही, लोकल SC/ST सेल की सदस्य भी थी।

