होटल में फर्जी नाम से चेक-इन, सुबह बेड पर मिली महिला की लाश: प्रेमी रात 3.30 बजे रूम से निकला, बोला- मैडम सुबह चेक आउट करेंगी; शादीशुदा थी महिला
Published:
3 min read

पुलिस के मुताबिक, महिला शादीशुदा थी, पति ने भी मारपीट की थी। वह प्रेमी के साथ होटल में ठहरी थी। (फोटो सांकेतिक है।)
नेशनल डेस्क। हैदराबाद के एक होटल में प्रेमी जोड़ा फर्जी नाम और पहचान के साथ ठहरा। रात में दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ और सुबह महिला की लाश कमरे के बेड पर मिली। उसके साथ होटल में ठहरा शख्स करीब साढ़े 3 बजे यह कहकर निकल गया कि मैडम सुबह ब्रेकफास्ट करके चेकआउट कर लेंगी। इसके बाद से वह फरार है।
मामला हैदराबाद के एसआर नगर के गोकुल प्राइड होटल का है। पुलिस ने 34 साल की महिला बी. सिरिशा की मौत के मामले में हत्या का केस दर्ज किया है। पुलिस अब उसके साथ होटल में ठहरे 38 साल के ए. श्रीनिवास की तलाश कर रही है।
दोनों ने होटल में बताए थे अलग-अलग नाम
जुबली हिल्स के DCP ए. रमण रेड्डी के मुताबिक, सिरिशा और श्रीनिवास ने 24 सितंबर को होटल के कमरा नंबर 10 में चेक-इन किया। दोनों ने होटल में अपनी असली पहचान नहीं बताई। श्रीनिवास ने अपना नाम ‘गणेश’ और सिरिशा ने अपना नाम ‘दुर्गा’ दर्ज कराया। पुलिस के मुताबिक, चेक-इन के दौरान दोनों ने फर्जी नाम और पहचान से जुड़े डॉक्यूमेंट्स का इस्तेमाल किया।
रात में झगड़ा, सिर पर किसी भारी चीज से हमला?
पुलिस को शक है कि रात में दोनों के बीच किसी बात को लेकर बहस हुई। इसके बाद श्रीनिवास ने सिरिशा पर किसी भारी सामान से हमला किया, जिससे उसकी मौत हो गई।
मीडिया रिपोर्टस में पुलिस सूत्रों के हवाले से सामने आया कि सिरिशा के शरीर पर चोटों के कई निशान मिले हैं। जांच में यह भी शक जताया जा रहा है कि उस पर पर्दे की रॉड से हमला किया गया। हालांकि मौत की सही वजह फाइनल फोरेंसिक जांच के बाद ही साफ होगी।
सुबह साढ़े 3 बजे होटल से निकला श्रीनिवास
पुलिस के मुताबिक, श्रीनिवास वारदात के दिन सुबह करीब 3.30 बजे होटल से निकल गया। उसने रिसेप्शन स्टाफ से कहा कि सिरिशा बाद में नाश्ता करेगी और चेकआउट कर लेगी।
सुबह काफी देर तक सिरिशा कमरे से बाहर नहीं आई। स्टाफ ने उसे कई बार फोन किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। शक होने पर होटल कर्मचारियों ने पुलिस को इन्फोर्म किया।
पुलिस की मौजूदगी में जब होटल की स्पेयर चाबी से कमरा खोला गया तो बेड पर सिरिशा की डेड बॉडी थी।
CCTV और कमरे से मिले सबूतों की जांच
पुलिस ने कमरे से फोरेंसिक सबूत जुटाए हैं। होटल का CCTV फुटेज भी देखा जा रहा है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि रात में कमरे के अंदर और सुबह श्रीनिवास के होटल से निकलने तक क्या-क्या हुआ। इसके साथ ही श्रीनिवास को पकड़ने के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें लगाई गई हैं।
जांच के दौरान सिरिशा की पहचान को लेकर भी पुलिस को कुछ गड़बड़ियां मिली हैं। पुलिस के मुताबिक, जांच में मिले एक पहचान पत्र पर नाम दुर्गा था, जबकि पहले एक प्राइवेट अस्पताल में हुए उसके इलाज के रिकॉर्ड में उसका नाम सिरिशा दर्ज था।
पुलिस सिरिशा के पुराने रिकॉर्ड भी खंगाल रही है। बताया जा रहा है कि उसकी शादी हो चुकी है और पति ने उसके साथ मारपीट भी की थी, जिसके चलते उसके शरीर पर कुछ चोट पहले से थी। जांच अधिकारी यह भी देख रहे हैं कि उस पुराने मामले का मौजूदा मर्डर से कोई संबंध है या नहीं।
यह भी पढ़ें...
CISF जवान ने AK-47 से साथियों पर गोलियां बरसाई: अफसर समेत 4 की मौत; 150 राउंड गोलियां लेकर आया था

