12वीं क्लास के 2 स्टूडेंट्स ने प्रिंसिपल की हत्या की: बाल कटाने को कहा तो स्कूल में घुसकर चाकू से गोदा, हरियाणा के हिसार का मामला
Published:
2 min read

मृतक जगबीर सिंह
हरियाणा के हिसार में 2 नाबालिग छात्रों पर स्कूल प्रिंसिपल की हत्या का आरोप लगा है। प्रिंसिपल ने 12वीं क्लास के दो छात्रों से बाल कटवाने और अनुशासन बनाए रखने के लिए कहा था। इससे नाराज होकर उन्होंने स्कूल के अंदर ही चाकू से वार कर प्रिंसिपल की हत्या कर दी।
स्कूल कैम्पस में की हत्या
50 साल के जगबीर सिंह बास बादशाहपुर गांव के करतार मेमोरियल स्कूल में प्रिंसिपल थे। उन्हें गुरुवार सुबह साढ़े 10 बजे चाकू मारा गया। जिससे उन्हें वह बुरी तरह घायल हो गए और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। प्रिंसिपल की हत्या से पूरे स्कूल कैम्पस में दहशत फैल गई।
बच्चों से बाल कटवाने के लिए कहा था
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। हांसी के एसपी अमित यशवर्धन ने कहा कि प्रिंसिपल ने बच्चों से बाल कटवाने, ड्रेस पहनने और स्कूल के नियमों के पालन करने के लिए कहा था। उन्होंने कई बार बच्चों से अपना व्यवहार सुधारने के लिए कहा था। यही बात 12वीं क्लास के बच्चों को नागवार गुजरी, वह प्रिंसिपल के बार-बार कहने से गुस्से में थे। उन्होंने स्कूल बैग से चाकू निकाला और प्रिंसिपल पर कई वार कर दिए। उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना का CCTV आया सामने
स्कूल कैम्पस के अंदर हुई घटना का CCTV भी सामने आया है। जिसमें बच्चे प्रिंसिपल को चाकू मारते हुए दिख रहे हैं। इसमें एक नाबालिग चाकू को फेंकते हुए भी दिख रहा है। इसके बाद स्कूल का स्टाफ और बच्चे प्रिसिंपल को कार से अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टर्स ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
एसपी यशवर्धन ने कहा कि दोनों आरोपी नाबालिग हैं। उन्हे अभी तक गिरफ्तार नहीं किया गया है। पुलिस CCTV फुटेज और चश्मदीद के बयान के आधार पर जांच कर रही है। एसपी का कहना है कि हत्या की वजह शव के पोस्टमार्टम और जांच के बाद ही पता चल पाएगी।

