सावन में नॉनवेज बिकने पर बवाल: गाजियाबाद के KFC आउटलेट में हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं की नारेबाजी; अखिलेश ने पूछा- KFC को लाया कौन
Published:
2 min read

गाजियाबाद में हिंदू संगठन ने KFC का आउटलेट बंद करवाया। यहां काफी देर तक हंगामा होता रहा।
उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में सावन महीने में नॉनवेज बिकने पर हिंदू रक्षा दल ने KFC आउटलेट बंद करा दिया। इन कार्यकर्ताओं ने रेस्टोरेंट में घुसकर नारेबाजी की और कहा कि यहां नॉनवेज नहीं बेचा जा सकता।
घटना का वीडियो वायरल हो रहा है। हिंदू रक्षा दल ने सावन के पवित्र महीने में नॉनवेज खाने पर बैन की मांग की। केएफसी के बाद कुछ कार्यकर्ता एक और रेस्टोरेंट में पहुंचे और इसे भी बंद करवा दिया। दूसरी तरफ, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इस घटना का वीडियो शेयर किया। अखिलेश ने सवाल किया कि राज्य में KFC को लाया कौन?
हर हर माहदेव के नारे लगाकर किया प्रदर्शन
वीडियो में देखा जा सकता है कि हिंदू रक्षा दल के सदस्य नारेबाजी कर रहे हैं। कार्यकर्ताओं ने KFC में घुसकर जय श्री राम और हर हर महादेव के नारे लगाए। प्रदर्शन के दौरान सभी के हाथों में भगवा झंडे थे। आउटलेट बंद होने के बाद भी इन लोगों ने नारेबाजी की।
उत्तर प्रदेश सरकार की पहले हो चुकी है आलोचना
10 जून से देशभर में कावड़ यात्रा शुरू हो चुकी है। भक्त अलग-अलग पवित्र नदियों से जल भर कर पैदल शिव मंदिरों तक लेकर जाते हैं। उधर, यूपी सरकार ने कांवड़ रूट पर पड़ने वाली सभी दुकानों के मालिकों को अपना नाम लिखना जरूरी कर दिया है। यही बात दुकानों के फूड लाइसेंस पर भी लागू है। सरकार के इस फैसले पर विपक्ष सवाल उठा रहा है।

