मानसूनी तबाही: हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश से 10 दिनों में 39 की मौत, 10 जिलों में बाढ़ का अलर्ट; कांगड़ा-मंडी समेत कई जिलों में स्कूल बंद
Published:
3 min read

हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश
हिमाचल में मानसूनी बारिश ने तबाही मचानी शुरू कर दी है। राज्य में 20 जून से अब तक भारी बारिश, लैंडस्लाइड, बादल फटने और बिजली गिरने जैसी घटनाओं से 39 लोगों की मौत हुई है। चार लोग लापता हैं। भारी बारिश के चलते पहाड़ी राज्य में सड़क सेवा भी प्रभावित हुई है। हिमाचल में 129 सड़कें बंद हैं। इससे पहले 2023 में राज्य ने सबसे भीषण मानसून का सामना किया था, जिसमें 550 से अधिक लोगों की मौत हुई थी।
स्टेट इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर (SEOC) के अनुसार, पिछले 24 घंटे में ऊना और बिलासपुर में एक-एक व्यक्ति की डूबने से मौत हुई। शिमला जिले में एक व्यक्ति की मौत ऊंचाई से गिर कर हो गई। इसके अलावा 612 ट्रांसफार्मर बंद होने से बिजली आपूर्ति बाधित हुई है।
पांच मंजिला इमारत ढही
शिमला के भट्टाकुफर इलाके में लगातार हो रही बारिश के चलते सोमवार सुबह एक पांच मंजिला इमारत भरभराकर गिर गई। गनीमत रही कि समय रहते घर को खाली करा लिया गया था, जिससे कोई हताहत नहीं हुआ। मौसम विभाग ने रविवार को शिमला समेत कई जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया था, जिसके बाद रात में ही इमारत को खाली कराया गया था।
नदियां उफान पर, 10 जिलों में बाढ़ का अलर्ट
मौसम विभाग ने बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, सोलन, सिरमौर, ऊना और चंबा में मध्यम से बाढ़ का अलर्ट जारी किया है। मंडी में जुनी खड्ड और ब्यास नदी का जलस्तर बढ़ गया है। लोगों को नदी किनारे न जाने की सलाह दी गई है।
लारजी डैम से पानी छोड़े जाने की वजह से पंडोह डैम के सभी 5 स्पिलवे गेट खोल दिए गए। इससे ब्यास नदी का जलस्तर 44,000 क्यूसेक तक पहुंच गया और देहर पावर हाउस में बिजली उत्पादन अस्थायी रूप से रोक दिया गया है।
कई जिलों में स्कूल बंद
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने हालात को देखते हुए डिप्टी कमिश्नरों को आदेश दिया है कि कांगड़ा, मंडी, सोलन और सिरमौर जिलों में सोमवार, 30 जून को सभी स्कूल बंद करने के निर्देश दें। मंडी की डीसी अपूर्वा देवगन ने सभी स्कूलों, कॉलेजों और आंगनवाड़ी केंद्रों में छुट्टी घोषित की, हालांकि IIT मंडी और मेडिकल कॉलेज खुले रहेंगे। कांगड़ा के डीसी हेमराज बैरवा ने जिले के सभी नॉन-रेजिडेंशियल स्कूलों में अवकाश की घोषणा की। सोलन के कोटी क्षेत्र में पटरियों पर बोल्डर और पेड़ गिरने के कारण शिमला-कालका हेरिटेज रेल सेवा भी बंद कर दी गई है।

