कर्नाटक के हासन में हार्ट अटैक से लगातार मौतें: 40 दिन में 23 की जान गई; CM सिद्धारमैया बोले- कोविड वैक्सीन भी एक वजह हो सकती है
Published:
2 min read

कर्नाटक सीएम सिद्धारमैया ने जांच कमेटी बनाने का निर्देश दिया है।
कर्नाटक के हासन में हार्टअटैक से हुई मौतों को सीएम सिद्धारमैया ने गंभीरता से लिया है। बीते 40 दिनों में 23 लोगों की मौत दिल का दौरा पड़ने से हुई है। इसमें 4 मौतें 30 जून को हुई हैं।
जांच के लिए कमेटी बनाई गई
मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने X पर पोस्ट कर लिखा- जयदेव इंस्टीट्यूट ऑफ कार्डियोवैस्कुलर साइंसेज के डायरेक्टर डॉ. रविंद्रनाथ की अध्यक्षता में एक जांच कमेटी बनाई गई है। कमेटी से मौत के कारणों की जांच करने को कहा गया है। साथ ही उन्हें 10 दिनों के अंदर रिपोर्ट सौंपने के आदेश दिए हैं। फरवरी में भी इसी कमेटी को कारणों का पता लगाने को कहा गया था कि राज्य में युवाओं की अचानक होने वाली मौतें क्या कोविड वैक्सीन या किसी और बीमारियों की वजह से तो नहीं हो रहीं।
कोविड वैक्सीन भी वजह हो सकती है
सीएम सिद्धारमैया ने भाजपा पर भी निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि मैं भाजपा की कृत्यों की निंदा करता हूं, जो ऐसे मामलों पर भी राजनीति करने से बाज नहीं आ रही। भाजपा इस मामले पर हमारी आलोचना करने से पहले अपनी अंतरात्मा से पूछ ले। साथ ही उन्होंने कहा कि इस बात से भी इनकार नहीं किया जा सकता है कि कोविड वैक्सीन भी इन मौतों की वजह हो सकती है, जैसा कि दुनिया भर में हुए कई अध्ययनों से पता चला है।
सिद्धारमैया ने लोगों से सीने में दर्द और सांस लेने में कठिनाई जैसे लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करने की अपील की है। ऐसी दशा में तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्रों पर जाने के लिए कहा है। उन्होंने कहा कि सरकार सार्वजनिक स्वास्थ्य की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। हृदय स्वास्थ्य की निगरानी के लिए हृदय ज्योति और गृह आरोग्य जैसी योजनाओं को पहले ही लागू कर चुकी है।

