गुरुग्राम: क्लब के बाहर पार्टी के बाद सो रहा था शख्स, कार समेत उठा ले गए बदमाश; सड़क पर फेंका
Published:
2 min read

खबर को रोचक बनाने के लिए AI इमेज का इस्तेमाल किया गया है।
हरियाणा के गुरुग्राम में क्लब में पार्टी के बाद कार में सो रहे युवक को 3 लोगों ने बंधक बना लिया। कुछ दूर चलने के बाद बदमाश युवक को सड़क पर फेंककर कार लेकर फरार हो गए। रविवार देर रात तीनों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
युवक गुरुग्राम के सेक्टर 29 में एक क्लब पार्टी में गया हुआ था। पार्टी में थोड़ी देर रुकने के बाद वह कार में आ कर सो गया। उसके सभी दोस्त क्लब में ही थे। वह अकेला कार में सो रहा था। पुलिस के अनुसार, रविवार सुबह करीब 4:30 बजे तीन लड़के कार में जबरदस्ती घुसे। एक आरोपी कार की आगे वाली सीट पर आकर बैठा और बाकी दो पिछली सीट पर बैठ गए। तीनों ने युवक को पकड़ कर पीछे वाली सीट पर धकेल दिया। इसके बाद NH-48 पर एक वाइन शॉप के पास कार से निकाल कर फेंक दिया।
किराए के माकान में रहते हैं आरोपी
गुरुग्राम पुलिस ने रविवार को युवक की शिकायत पर FIR दर्ज की। पुलिस ने रविवार रात को तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी तौफीक झारखंड का रहने वाला है, जिसकी उम्र 18 साल है। वहीं आकाश हरियाणा के नूंह जिले का रहने वाला है। आकाश की उम्र भी 18 साल है। तीसरा आरोपी आयुष (18) हरियाणा के रोहतक जिले का रहने वाला है।
तीनो आरोपी किराए पर गुरुग्राम की इंदिरा कॉलोनी में रहते हैं। आयुष और आकाश एक सलून में काम करते हैं। वहीं तौफीक इंदिरा कॉलोनी के पास पान की गुमटी चलाता है।
कार बेचने की फिराक में थे आरोपी
पुलिस को आरोपियों ने बताया कि जब हमने कार में युवक को अकेले देखा तो लूट का प्लान बनाया। आरोपी मारुती स्विफ्ट कार को बेचने का प्रयास कर रहे थे उसके पहले ही पुलिस ने इन्हें गिरफ्तार कर लिया। कार बरामद कर ली गई है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।

