हरीश रावत का कांग्रेस में सभी पदों से इस्तीफा: PA के पास 32 लाख कैश, गोल्ड और लग्जरी घड़ियां मिलीं; पूर्व CM बोले- मेरी वजह से पार्टी कमजोर न पड़े
Published:
3 min read

हरीश रावत उत्तराखंड के CM भी रह चुके हैं।
नेशनल डेस्क. उत्तराखंड के पूर्व CM हरीश रावत ने कांग्रेस में दोनों पदों से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने ये कदम उनके PA चंदन सिंह जीना के घर ED की रेड में बड़ी मात्रा में कैश, गोल्ड और लग्जरी घड़ियां मिलने के बाद उठाया। ED ने जीना के ठिकानों पर ये रेड 2016 की ग्राम सेवक भर्ती परीक्षा में कथित गड़बड़ी से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में की गई थी। तब हरीश रावत ही CM थे।
हरीश रावत ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा- मैं उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी की कार्यकारिणी और राष्ट्रीय स्तर पर कांग्रेस कार्यसमिति के स्थाई आमंत्रित सदस्य के पदों से हटना चाहता हूं। क्योंकि पार्टी के संघर्ष में कोई कमजोरी मेरी वजह से नहीं आनी चाहिए।
रावत ने कहा- मैंने अभी अपने ईष्ट देवता का स्मरण करके एक बड़ा फैसला लिया है कि मैं किसी सरकारी पद पर तो हूं नहीं, की उससे त्यागपत्र दूं। हां मैं कांग्रेस में सभी पदों से इस्तीफा दे रहा हूं।
आरोपों पर विश्वास नहीं- हरीश रावत
पूर्व CM ने लिखा- टीवी पर खबर आ रही है कि देहरादून में हरीश रावत के PA के पास भारी मात्रा में कैश और ज्वैलरी आदि पकड़ी गई या पकड़ाई गई, इस तथ्य का खुलासा तो आने वाले समय में होगा और यह सत्य है कि जीना मेरे OSD रहे हैं और मैं जितने भी पदों पर रहा, चाहे पार्टी में रहा या सरकार में रहा, वह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभालते रहे हैं। जीना एक निहायती सज्जन, विनम्र और काम करने वाले व्यक्ति हैं। यदि ग्राम सेवकों की भर्ती में OMR शीट के साथ छेड़छाड़ की और अगर इस तरीके की कोई भी गलती उन्होंने की है, उसके सबूत हैं तो उनके इस कथित काम के लिए मैं शर्मिंदा हूं। लेकिन मुझे इस आरोप पर बिल्कुल विश्वास नहीं है।
ED ने क्या कहा
ED ने शुक्रवार को बयान जारी कर बताया कि चंदन जीना के यहां गुरुवार को हुई रेड में 32 लाख कैश, एक दर्जन से ज्यादा लग्जरी घड़ियां बरामद हुई हैं। उनके यहां मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट के तहत रेड डाली गई थी। जीना 2014 से 2017 तक CM हरीश रावत के OSD रहे हैं। रेड के दौरान जीना के घर से 32 लाख कैश, 200 ग्राम सोने के सिक्के और ज्वेलरी और रोलेक्स, राडो और कैसियो जैसी कंपनियों की 12 लग्जरी घड़ियां बरामद हुई हैं। जांच एजेंसी के मुताबिक, जीना और उसके परिवार के सदस्यों के बैंक खातों को फ्रीज कर दिया गया है, जिनमें 52.16 लाख रुपये जमा है और जीना के मोबाइल फोन को फोरेंसिक जांच के लिए जब्त कर लिया है।

