हरभजन ने इस बार सही पोस्ट किया: पुलिस ने माना- ड्रग्स का वीडियो पंजाब का; इससे पहले राजस्थान का वीडियो शेयर कर ट्रोल हुए थे
Published:
3 min read

पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह AAP के टिकट से राज्यसभा सांसद बने थे। अब वह BJP में है। वह लगातार पंजाब की AAP सरकार के खिलाफ पोस्ट करते रहते हैं।
नेशनल डेस्क। पंजाब में ड्रग्स को लेकर चल रहे सियासी टकराव के बीच BJP सांसद हरभजन सिंह का एक पोस्ट फिर चर्चा में है। इस बार उन्होंने जिस वीडियो को पंजाब का बताया था, उस पर पंजाब पुलिस ने भी मुहर लगा दी है। पुलिस के मुताबिक, वायरल वीडियो पंजाब के जगरांव ब्रिज का ही है। हालांकि पुलिस ने यह भी कहा है कि वीडियो पुराना हो सकता है।
हरभजन सिंह ने BJP नेता रवनीत सिंह बिट्टू के X पोस्ट को शेयर करते हुए AAP सरकार पर तंज कसा था। उन्होंने कहा था कि अब तो जगरांव पुल को भी राजस्थान में बता दिया जाएगा और ‘पेड ट्रोल्स’ इस वीडियो को भी गंगानगर का साबित कर देंगे।
अब पुलिस की सफाई के बाद हरभजन सिंह का यह तंज सोशल मीडिया पर चर्चा में है।
पुलिस ने क्या कहा?
पंजाब पुलिस के मुताबिक, वीडियो में जगरांव पुल के नीचे ड्रग्स लेते दिखाई दे रहे लोग पुलिस की नजर में आए थे। लुधियाना पुलिस ने 12 अगस्त को इस मामले में गिरफ्तार भी की थी। पुलिस का कहना है कि वीडियो पुराना हो सकता है, लेकिन इसकी लोकेशन जगरांव की ही है। यानी इस बार वीडियो की लोकेशन को लेकर जो सवाल उठ रहे थे, उन पर पुलिस ने स्थिति साफ कर दी है।
पिछली बार राजस्थान के वीडियो को बताया था पंजाब का
हरभजन सिंह के इस पोस्ट की चर्चा इसलिए भी ज्यादा हो रही है क्योंकि इससे पहले वह एक दूसरे वायरल वीडियो को लेकर विवाद में आ चुके हैं।
उस वीडियो में दो नशे में धुत लोग सड़क पर अजीब तरह से चलते दिखाई दे रहे थे। हरभजन सिंह ने इसे पंजाब का वीडियो बताते हुए राज्य में ड्रग्स की हालत पर चिंता जताई थी और कहा था कि पंजाब के युवाओं को इससे बेहतर भविष्य मिलना चाहिए।
बाद में फैक्ट चेक में सामने आया कि वह वीडियो पंजाब का नहीं, बल्कि राजस्थान का था। इसके बाद हरभजन सिंह के पोस्ट पर सवाल उठे थे।
पंजाब में ड्रग्स पर सियासत तेज
पंजाब में ड्रग्स का मुद्दा लंबे वक्त से राजनीति के केंद्र में रहा है। विपक्ष लगातार भगवंत मान सरकार पर प्रदेश में बढ़ते नशे की लत को लेकर हमला कर रहा है। वहीं आम आदमी पार्टी कहती रही है कि उनकी सरकार ड्रग्स के खिलाफ ठोस एक्शन ले रही है।
पंजाब की सीमा पाकिस्तान से लगती है और ड्रग्स की तस्करी के लिए ड्रोन समेत नए तरीकों के इस्तेमाल की खबरें भी सामने आती रही हैं। ऐसे में बड़े तस्करी नेटवर्क पर कार्रवाई करना चुनौती बनी हुई है।
यह भी पढ़ें...

