गुजरात में ऑनर किलिंग: पिता-भाई ने युवती की हत्या की, पुलिस को हिट एंड रन की कहानी सुनाई; युवक के साथ वीडियो वायरल होने से नाराज थे
Published:
3 min read

सोफिया का कुछ समय पहले एक युवक के साथ वीडियो वायरल हुआ था, इसी के चलते उसके भाई और पिता उससे नाराज थे।
नेशनल डेस्क. गुजरात के अहमदाबाद से कथित ऑनर किलिंग का मामला सामने आया है। यहां 22 साल की युवती का एक लड़के के साथ वीडियो वायरल होने के बाद पिता और भाई ने उसकी हत्या कर दी। इतना ही नहीं हत्या करने के बाद दोनों ने इसे सड़क हादसा दिखाने की कोशिश की।
NDTV की रिपोर्ट के मुताबिक, मृतका की पहचान सोफिया के तौर पर हुई है। वह एक अस्पताल में रिसेप्शनिस्ट के तौर पर काम करती थी। पुलिस की जांच में सामने आया कि करीब तीन महीने पहले एक युवक के साथ उसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इसके बाद परिवार में नाराजगी थी।
बाइक से निकले, सुनसान रास्ते पर ले जाकर हत्या का आरोप
घटना 12 अगस्त की रात की बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक, सोफिया के पिता मोहम्मद फारूक और उसके 38 साल के भाई मोहम्मद हाबिल उसे बाइक पर लेकर निकले थे। रास्ते में भाई बाइक को घेलजीपुरा गांव के पास एक सुनसान कच्चे रास्ते पर ले गया। आरोप है कि वहां उसने सोफिया के सिर पर हथौड़े से तीन बार हमला किया।
पुलिस के मुताबिक, इसके बाद पिता और बेटे सोफिया के शव को मैन रोड तक ले गए। इसके बाद बाइक में भी तोड़फोड़ की, ताकि यह सड़क हादसे जैसा लगे।
पुलिस को बताई थी हिट एंड रन की कहानी
हत्या के बाद हाबिल ने पुलिस को बताया कि घेलजीपुरा चौराहे के पास पीछे से आए किसी तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। उसने दावा किया कि हादसे में सोफिया के सिर में गंभीर चोट आई, जबकि उसे भी चोट लगी। सोफिया को इलाज के लिए सोला सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां अगले दिन उसकी मौत हो गई।
वायरल वीडियो बना हत्या की वजह?
मामले की जांच आगे बढ़ने पर पुलिस को घटना की कहानी पर संदेह हुआ। जांच में सामने आया कि करीब तीन महीने पहले सोफिया का एक युवक के साथ वीडियो वायरल हुआ था। पुलिस के मुताबिक, वीडियो वायरल होने के बाद उसके पिता और भाई उससे नाराज थे। परिवार को सामाजिक बदनामी का डर था। आरोप है कि इसी वजह से दोनों ने सोफिया की हत्या की साजिश रची।
पैंट में छिपाकर ले गया था हथौड़ा
पुलिस के अनुसार, हाबिल ने हत्या के लिए लोहे का हथौड़ा पैंट में छिपाकर रखा था। इसके बाद वह सोफिया और अपने पिता के साथ घर से निकला था। सुनसान जगह पर उसने सोफिया की हत्या कर दी। जांच के बाद पुलिस ने सोफिया के पिता मोहम्मद फारूक और भाई मोहम्मद हाबिल को हिरासत में ले लिया है। दोनों के खिलाफ हत्या समेत संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है।

