'भारत पर हमला करने का सुनहरा मौका': बेंगलुरु की शमा ने PAK आर्मी चीफ मुनीर से की थी अपील, भारत विरोधी पोस्ट शेयर किए थे
Published:
3 min read

गुजरात एटीएस के मुताबिक, भारत में अलकायदा टेरर मॉड्यूल की मास्टरमाइंड है शमा परवीन। (शमा को 29 जुलाई को बेंगलुरु से गिरफ्तार किया गया था)
गुजरात ATS ने बेंगलुरु से 29 जुलाई को अलकायदा टेरर मॉड्यूल की मास्टरमाइंड शमा परवीन को गिरफ्तार किया था। शमा परवीन को लेकर अब बड़ा खुलासा हुआ है। शमा ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान के आर्मी चीफ आसिम मुनीर से भारत पर हमला करने की अपील की थी। इतना ही नहीं परवीन ने कई पाकिस्तानी मौलानाओं के ऐसे वीडियो शेयर किए थे, जिनमें भारत विरोधी बातें की गई थीं।
दरअसल, गुजरात ATS ने 22 जुलाई को अल-कायदा के 4 संदिग्ध आतंकियों को पकड़ा था। ये ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान आर्मी और उनकी खुफिया एजेंसी (ISI) के लगातार संपर्क में थे। आरोपियों ने ऑपरेशन सिंदूर के समय सोशल मीडिया पर देश विरोधी नैरेटिव चलाया। पूछताछ के दौरान इन आतंकियों ने शमा परवीन का नाम लिया था। इसके बाद शमा को बेंगलुरु से गिरफ्तार किया गया। उसे 30 जुलाई को अहमदाबाद लाया गया था।
ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाक आर्मी चीफ से की थी अपील
समाचार एजेंसी पीटीआई से बातचीत में ATS अधिकारी ने बताया, शमा परवीन दो फेसबुक पेज और एक इंस्टाग्राम अकाउंट ऑपरेट करती थी। उसके 10 हजार फॉलोअर्स हैं। शमा सोशल मीडिया पर अलकायदा और कई कट्टर धार्मिक गुरुओं के जिहादी और भारत विरोधी कंटेंट शेयर करती थी।
पहलगाम हमले के जवाब में भारत ने 7 मई को ऑपरेशन सिंदूर लॉन्च किया था। ATS ने बयान जारी कर बताया, शमा परवीन ने 9 मई को ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान सेना प्रमुख जनरल आसिम मुनीर से फेसबुक पोस्ट कर कहा था, आपके पास सुनहरा मौका है, इस्लाम को लागू करने, मुसलमानों की जमीन को बचाने के लिए 'प्रोजेक्ट खिलाफत' शुरू करो और हिंदुत्व को खत्म करने के लिए आगे बढ़ो।
शमा ने पाकिस्तानी इमाम के वीडियो भी शेयर किए
शमा ने इंस्टाग्राम पर एक इस्लामिक विचारक का वीडियो शेयर किया था, इसमें वह ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारतीय सेना का समर्थन करने वाले मुसलमानों की आलोचना कर रहा था। शमा ने लाहौर की लाल मस्जिद के इमाम अब्दुल अजीज का वीडियो भी शेयर किया था। इसमें वह भड़काऊ भाषण दे रहा था और सशस्त्र विद्रोह से भारत में खिलाफत सिस्टम लागू करने की बात कह रहा है।
एटीएस के मुताबिक, शमा ने अलकायदा (AQIS) के लीडर्स की बातचीत का वीडियो भी शेयर किया, इसमें वे गजवा-ए-हिंद और इंडियन स्टेट के खिलाफ हिंसा भड़काने की बात कर रहे हैं। इसमें वे हिंदू समुदाय और सरकारी इमारतों पर हमला करने की बात कह रहे हैं।
शमा परवीन पर क्या आरोप
शमा की गिरफ्तारी के बाद गुजरात के गृहमंत्री हर्ष संघवी ने बताया था, शमा परवीन कट्टर आतंकी है। वह ऑनलाइन टेरर मॉड्यूल चला रही थी। शमा के पास से इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस मिले हैं। इनमें कई महत्वपूर्ण पाकिस्तान कॉन्टैक्ट रिकवर हो चुके हैं।

