अल-कायदा मॉड्यूल का खुलासा: तीन राज्यों से 4 आतंकी गिरफ्तार, गुजरात ATS ने कहा- देश में कुछ खास ठिकाने टारगेट थे; ऑटो डिलीट ऐप यूज करते थे
Published:
2 min read

इन आतंकियों की उम्र 25 से 30 के बीच बताई जा रही है।
गुजरात ATS ने अल-कायदा के मॉड्यूल का बड़ा खुलासा किया है। तीन राज्यों से 4 आतंकियों को गिरफ्तारी किया है। इनमें गुजरात से 2 आतंकियों की गिरफ्तारी हुई है। जबकि नोएडा और दिल्ली से एक-एक आतंकी पकड़े गए हैं।
गुजरात ATS DIG सुनील जोशी ने कहा कि गिरफ्तार आतंकी AQIS (अल-कायदा इन इंडियन सबकॉन्टिनेंट) से जुड़े थे।गिरफ्तार 4 आतंकियों के नाम सैफुल्लाह कुरैशी, मोहम्मद फर्दीन, और मोहम्मद फैक हैं। सभी आतंकियों की उम्र 25 से 30 के बीच बताई जा रही है।
ऑटो डिलीट ऐप्स का यूज कर रहे थे
गुजरात के ATS के अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी लंबे समय से आतंकी ग्रुप से जुड़े हैं। वह सोशल मीडिया के जरिए अल-कायदा के संपर्क में आए। आरोपी कई दिनों से सोशल मीडिया पर आतंकी गतिविधियों के बारे में बात कर रहे थे। इस दौरान गुजरात ATS की रडार पर आ गए। गुजरात ATS अब इन आरोपियों के सोशल मीडिया हैंडल और चैट का एनालिसिस कर रही है। सूत्रों के अनुसार, आतंकी ऑटो डिलीट ऐप्स का यूज कर रहे थे। जिससे जांच एजेंसी उन्हें ट्रेस न कर सकें।
आतंकी घटना को अंजाम देने की फिराक में थे
पकड़े गए आतंकियों ने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। ATS के मुताबिक ये आतंकी भारत में किसी बड़ी आतंकी घटना को अंजाम देने की फिराक में थे। DIG सुनील जोशी ने कहा- फिलहाल मामले की गहराई से जांच की जा रही है। जल्द ऑपरेशन से जुड़ी और भी जानकारियां शेयर की जाएगी।
देश में खास ठिकाने टारगेट पर थे
ATS के मुताबिक, आतंकी कुछ खास और संवेदनशील ठिकानों को टारगेट करने की साजिश रच रहे थे। चारों आतंकी सोशल मीडिया के जरिए एक-दूसरे के कॉन्टैक्ट में थे। विदेशों में बैठे आकाओं से नियमित तौर पर संपर्क में थे।
कई खुलासे होने की उम्मीद
आतंकियों की गिरफ्तारी सुरक्षा और जांच एजेंसियों के लिए बड़ी कामयाबी माना जा रहा है। अगर समय रहते इन आतंकियों को नहीं पकड़ा जाता तो बड़ी आतंकी घटना को अंजाम दे सकते थे। गुजरात ATS और केंद्रीय जांच एजेंसी अब इनके नेटवर्क, फंडिंग, ट्रेनिंग और विदेशी कॉन्टैक्ट की जांच कर रही है। आने वाले समय में कई खुलासे और गिरफ्तारियां हो सकती है।

