ग्रेटर नोएडा में छात्रा से चलती बस में गैंगरेप: ड्राइवर-कंडक्टर गिरफ्तार; बस 48KM तक दिल्ली में दौड़ती रही
Published:
3 min read

यह वही बस है जिसमें 16 साल की लड़की के साथ गैंगरेप किया गया। बस की खिड़कियां पर्दों से ढंकी हुई थी।
नेशनल डेस्क. ग्रेटर नोएडा में 11वीं क्लास की छात्रा के साथ चलती स्लीपर बस में गैंगरेप की घटना सामने आई है। यह घटना 4 अगस्त की है, पुलिस ने आरोपी ड्राइवर और कंडक्टर को गिरफ्तार किया है। घटना के समय बस परी चौक से कश्मीरी गेट तक 47KM तक दिल्ली की सड़कों पर दौड़ती रही।
16 साल की लड़की मैनपुरी जिले की रहने वाली है। पढ़ाई नहीं करने पर उसकी मां ने डांटा था, इसके बाद वह अपने भाई से मिलने के लिए नोएडा सेक्टर 63 आ रही थी।
बिना बताए घर से आई थी लड़की
पीड़िता ने पुलिस को बताया, वह 4 अगस्त को परिजनों को बिना बताए घर से आई थी। वह नोएडा आ रही थी, बारिश और अंधेरे की वजह से वह गलती से परी चौक उतर गई। इसके बाद उसने एक बस को रोका और नोएडा सेक्टर 63 जाने का पूछा। वह बस में बैठ गई, बस के अंदर कोई नहीं था। उसने आरोप लगाया कि कंडक्टर और ड्राइवर ने बारी बारी से उसके साथ गलत काम किया। इसके बाद उन्होंने किसी को भी बताने पर जान से मारने की धमकी दी।
रिपोर्टस के मुताबिक, बस परी चौक से कश्मीरी गेट तक 47 किमी चली, इस दौरान बस की खिड़की पर्दों से ढंकी थी। इस रूट पर बस को एक भी पुलिस चेक प्वाइंट पर नहीं रोका गया। बस नोएडा-दिल्ली बॉर्डर, एक्सप्रेसवे, रिंग रोड सहित कई रास्तों से निकली।
खाली बस तिमारपुर ले जा रहे थे आरोपी
पुलिस ने बताया, बस में टेक्निकल खराबी होने पर आरोपी कुलदीप और संदीप बस को ग्रेटर नोएडा के सुरजपुर स्थित वर्कशॉप ले गए थे। रिपेयरिंग के बाद वह रात में खाली बस को नॉर्थ दिल्ली के तिमारपुर ला रहे थे। जब उन्होंने लड़की को अकेला देखा और उसे सेक्टर 63 में ड्रॉप करने का लालच दिया। बस में उन्होंने उसके साथ गलत काम किया। आरोपियों ने लड़की को रिंग रोड पर कश्मीरी गेट के पास छोड़ दिया और वह बस को लेकर तिमारपुर चले गए।
दिल्ली पुलिस CCTV से आरोपियों तक पहुंची
इसके बाद लड़की सीधे कश्मीरी गेट पुलिस स्टेशन पहुंची। उसने पुलिस को पूरी घटना बताई। पुलिस ने परिजनों को सूचना दी, उसका इलाज कराया और उसके बयान दर्ज किए। पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने के लिए टीमें बनाई। आसपास के CCTV चेक किए। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों को तिमारपुर पार्किंग से गिरफ्तार कर लिया।
पीड़िता के परिजनों को रात में ही दिल्ली बुलाया गया। उसे परिजनों को सौंपने से पहले महिला पुलिसकर्मी ने काउंसलिंग की गई। वहीं फॉरेंसिक टीम ने बस के अंदर से पीड़िता के बाल और दूसरे बायोलॉजिकल एविडेंस कलेक्ट किए हैं।

