बिहार-बिजनेसमैन खेमका के अंतिम संस्कार में पहुंचा संदिग्ध: पुलिस ने शक के आधार पर हिरासत में लिया; 4 जुलाई की रात पटना में हत्या हुई थी
Published:
2 min read

गोपाल खेमका बिहार के चर्चित बिजनेसमैन थे।
बिहार के बिजनेसमैन गोपाल खेमका मर्डर केस में पुलिस ने रविवार को एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया। संदिग्ध का नाम रोशन कुमार है। खास बात यह है कि वो खेमका के ही अंतिम संस्कार में पहुंचा था। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।
गोपाल खेमका की 4 जुलाई की रात गांधी मैदान इलाके स्थित उनके घर पर गोली मारकर हत्या कर दी गई। गोपाल खेमका पटना के चर्चित बिजनेसमैन थे और बीजेपी से भी जुड़े थे। चौंकाने वाली बात ये है कि 6 साल पहले उनके बेटे गुंजन की भी इसी तरह वैशाली जिले में हत्या की गई थी।
पुलिस ने शक के आधार पर हिरासत में लिया
खेमका का अंतिम संस्कार 6 जुलाई को पटना के गुलबी घाट पर किया गया। इस मौके पर वहां बहुत सारे बिजनेसमैन और स्थानीय लोग पहुंचे थे। इसी दौरान रोशन कुमार भी वहां पहुंचा। इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस ने शक के आधार पर उसे हिरासत में ले लिया। इस मामले में एक दर्जन से ज्यादा लोगों से पूछताछ की जा रही है।
हत्या सोची समझी साजिश
शुरुआती जांच में पता चला है कि हत्या सोची समझी साजिश के तहत की गई है। साथ ही, इसमें कई लोगों के शामिल होने की बात कही जा रही है। शूटर के साथ दो-तीन लोग और भी थे, जो घटना वाली रात खेमका की गतिविधियों पर नजर रख रहे थे।
नजदीक से मारी गई गोली
पुलिस के मुताबिक, 4 जुलाई यानी शुक्रवार रात 11.40 बजे राम गुलाम चौक पर गाड़ी से उतरते वक्त अज्ञात बदमाशों ने नजदीक से गोली मारी थी। इसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया। जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।

