UP में गूगल मैप टीम के साथ मारपीट: ग्रामीणों ने चोर समझकर पिटाई की; पुलिस के समझाने के बाद छोड़ा
Published:
2 min read

गूगल मैप की टीम ने मैपिंग के लिए DGP से अनुमति ली थी।
उत्तरप्रदेश के कानपुर जिले में गूगल मैप टीम के साथ ग्रामीणों ने चोर समझ कर पिटाई कर दी। गुरुवार की शाम गूगल की टीम बिरहार गांव में स्ट्रीट की मैपिंग कर रही थी। गूगल मैप टीम जिसमें टेक महिंद्रा से आउटसोर्स कर्मचारी हैं। टीम बिरहार गांव में कैमरा और मशीन माउंटेड व्हीकल से स्ट्रीट का फोटो ले रही थी।
ग्रामीणों ने चोर समझ कर की पिटाई
गांव की मैपिंग के दौरान टीम सड़कों की फोटो ले रही थी। तभी ग्रामीणों को कुछ संदिग्ध लगा। ग्रामीणों ने सोचा कि वह वाहन में कैमरा लगाकर गांव की जानकारी जुटा रहे हैं। जिससे वह गांव में चोरी आसानी से कर सकें। कुछ ही देर में वहां ग्रामीणों की भीड़ लग गई। लोगों ने गूगल मैप की टीम को घेर लिया। उन्होंने कैमरे और वाहन के बारे में पूछा। इस दौरान टीम के लोगों की ग्रामीणों से बहस हो गई। ग्रामीणों ने उनके साथ मारपीट कर दी।
पुलिस ने समझाया तब माने ग्रामीण
पुलिस ग्रामीण और गूगल टीम को लेकर पुलिस स्टेशन पहुंची। जहां पुलिस ने उन्हें समझाया कि यह टीम सिर्फ गांव की मैपिंग के लिए आई है। तब जाकर ग्रामीण शांत हुए।
टीम ने दर्ज नहीं कराई FIR
गूगल मैप के कर्मचारी ने बताया कि मेरी टीम और मैं गांव की मैपिंग के लिए पहुंचे थे। ग्रामीणों ने गलतफहमी में उनके साथ मारपीट की। हमने सर्वे के लिए DGP से अनुमति ली थी। स्थानीय लोगों के मुताबिक गांव में इससे पहले कई चोरियों हो चुकी हैं। इससे ग्रामीणों में सतर्कता बढ़ गई है। हालांकि गूगल टीम ने ग्रामीणों के खिलाफ कोई केस दर्ज नहीं करवाया है।

