गोल्ड स्मगलिंग में 8 महीने के बेबी का इस्तेमाल: डायपर में रख लाए आधा किलो सोना, एयरपोर्ट पर DRI ने जब्त किया; केरल का है मामला
Published:
3 min read

तस्वीर सांकेतिक है और AI से जनरेट की गई है।
नेशनल डेस्क। केरल के कोझिकोड से गोल्ड स्मगलिंग का एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। शहर के करीपुर एयरपोर्ट पर एक 8 महीने के बच्चे के डायपर से आधा किलो सोना मिला है। डायरेक्टोरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (DRI) के अधिकारियों ने सोने को जब्त कर लिया है। बच्चे के पिता से पूछताछ की जा रही है।
DRI अधिकारियों ने बुधवार (2 सितंबर) को बताया कि एयरपोर्ट से करीब 1 करोड़ का गोल्ड बरामद हुआ है। इसमें 50 लाख का सोना बेबी के डायपर से और 50 लाख का सोना पिता के शरीर से चिपका मिला।
अफसरों ने यह भी बताया कि फिलहाल इस मामले में पूछताछ और छानबीन चल रही है। यह पता लगाने की कोशिश है कि गोल्ड को कहां से और क्यों लाया गया। यह भी खोजा जा रहा है कि इस स्मगलिंग के पीछे क्या कोई बड़ा गैंग एक्टिव है या फैमिली ने ही यह साजिश रची। यह भी पता लगाया जा रहा है कि बच्चे का पिता कितनी बार विदेश यात्रा पर गया है और क्या पहले भी उसने इस तरह की गोल्ड स्मगलिंग की है।
मीडिया रिपोर्ट्स में DRI सूत्रों के हवाले से पता चला है कि फैमिली UAE के रास अल खाइमा से केरल आई है। मंगलवार रात को उनकी फ्लाइट करीपुर एयरपोर्ट पर लैंड हुई। पिता के साथ दो और भी बच्चे थे।
विदेश से गोल्ड लाने की लिमिट क्या है?
भारत में इस वक्त 24 कैरेट गोल्ट के दाम 1.55 लाख रुपए तोला (10 ग्राम) चल रहे हैं। यानी सोने का भाव अब तक के सबसे ऊपरी स्तर पर है। खाड़ी देशों जैसे UAE में यह कुछ हजार तक सस्ता है। इन देशों से आने वाले लोग अक्सर सोना खरीदकर भारत लाते रहे हैं। ऐसे में भारत सरकार ने भी बाहर से सोना लाने की एक लिमिट तय कर रखी है। फरवरी 2026 में आए नए नियमों के मुताबिक, एक महिला 40 ग्राम तक गोल्ड ज्वैलरी खरीद कर और पहन कर विदेश से भारत आ सकती है। पुरुषों के लिए यह सीमा 20 ग्राम है। यह लिमिट भी तब है जब गोल्ड लाने वाला शख्स कम से कम एक साल से विदेश में रह रहा हो।
यह भी पढ़ें...

