लाल किले से एक करोड़ का कलश चोरी: 760 ग्राम था वजन, डायमंड, रूबी और एमरल्ड जड़े हुए थे; संदिग्ध की तलाश जारी
Published:
2 min read

सुधीर जैन नाम के एक बिजनेसमैन हर दिन यह कलश पूजा के लिए लेकर आते थे। (फोटो सोर्स: सुधीर जैन)
नेशनल डेस्क। दिल्ली के लाल किले से एक सोने का कलश चोरी हो गया है। इस कलश की कीमत एक करोड़ रुपए बताई जा रही है। कलश न केवल सोने का था बल्कि इसमें डायमंड, रूबी और एमरल्ड भी जड़े हुए थे।
दिल्ली पुलिस ने बताया है, ‘लाल किला परिसर में आयोजित एक धार्मिक अनुष्ठान के दौरान, सोने, हीरे, रूबी और एमरल्ड से जड़ा एक कलश चोरी हो गया। व्यवसायी सुधीर जैन हर दिन पूजा के लिए यह कलश लाते थे। पिछले मंगलवार को यह कार्यक्रम के बीच में ही मंच से गायब हो गया।’
पुलिस ने यह भी बताया कि CCTV फुटेज में संदिग्ध की तस्वीर कैद हो गई हैं। पुलिस ने संदिग्ध की पहचान भी कर ली है। जल्द ही उसकी गिरफ्तारी होगी।
कलश का वजन कुल 760 ग्राम था। एक जैन पुजारी के द्वारा ही इसे चुराने के दावे किए जा रहे हैं। दरअसल, CCTV फूटेज में आयोजन के बीच में एक शख्स पुजारी के भेष में तेजी से बाहर निकलते हुए नजर आ रहा है। उसके पास एक झोला भी दिख रहा है। इसी आधार पर उसे संदिग्ध माना जा रहा है।
दिल्ली मेट्रो गोल्ड बिस्किट चोरी मामले में एक गिरफ्तार
एक अन्य मामले में दिल्ली पुलिस ने 140 ग्राम सोने के बिस्किट की चोरी करने वाले शख्स को गिरफ्तार किया है। जुलाई में पीएस राजा गार्डन मेट्रो थाने में अमित सांत्रा नाम के शख्स ने एक शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि मेट्रो में सफर के दौरान उनके बैग से 14 तोला सोना चोरी हो गया। इस मामले में सोनू चांद नाम के एक शख्स की गिरफ्तारी हुई है। सोनू ने चोरी की बात भी स्वीकारी है। उसने पुलिस को यह भी बताया है कि वह सोना बेच भी चुका है।

