अब ज्यादा काम नहीं कर सकता: केंद्रीय मंत्री गडकरी बोले- 30 साल से सार्वजनिक जीवन में, अब नई पीढ़ी को मौका देना चाहिए
Published:
2 min read

नितिन गडकरी (फाइल फोटो)
नेशनल डेस्क. केंद्रीय सड़क और परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि अब वे पहले जितना काम नहीं कर सकते। अब नई पीढ़ी को जिम्मेदारियां सौंपने का समय आ गया है। गडकरी के बयान के वायरल होने के कुछ देर बाद ही उनके दफ्तर ने स्पष्ट किया कि ये बयान राजनीति या उनके राजनीतिक भविष्य से संबंधित नहीं हैं।
गडकरी के दफ्तर की ओर से कहा गया- केंद्रीय मंत्री खास तौर पर लक्ष्मणराव मानकर ट्रस्ट के बारे में बात कर रहे थे, जिसे उन्होंने बनाया है और ये ट्रस्ट आदिवासी क्षेत्रों में एकल विद्यालय और एक टीचर वाले प्राइमरी स्कूल चलाता है।
गडकरी ने क्या कहा था
नितिन गडकरी ने नागपुर में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा था कि वे अब पहले की तरह काम नहीं कर सकते और अब जिम्मेदारियां नई पीढ़ी को सौंप देनी चाहिए। उन्होंने कहा था- इन दिनों मैं उतना काम नहीं कर पाता। जब मैं कर सकता था, तब करता था। अब मेरा इनवॉलमेंट कम हो गया है। काम नई पीढ़ी को सौंप देना चाहिए।

उन्होंने कहा- अब काम नई पीढ़ी को सौंप देना चाहिए। एक नई पीढ़ी आ चुकी है और पुरानी पीढ़ी उनका मार्गदर्शन कर रही है। 69 साल के गडकरी ने कहा- मैं पिछले 30 सालों से सार्वजनिक जीवन में लगातार काम कर रहा हूं। मैंने कई उतार-चढ़ाव देखे। मुझे कई अवार्ड भी मिले। लेकिन अब मैं इतना काम नहीं कर सकता। नई पीढ़ी को मौका मिलना चाहिए।
BJP संगठन में बड़ा बदलाव हुआ
गडकरी का ये बयान ऐसे वक्त पर आया, जब बीजेपी ने हाल ही में राष्ट्रीय कार्यकारिणी का ऐलान किया है। पार्टी के अध्यक्ष नितिन नबीन ने 65 सदस्यों की नई टीम बनाई है। इनमें से 51 नए चेहरों को मौका दिया गया है। इसे संगठन में पीढ़ीगत बदलाव माना जा रहा है। BJP की कार्यकारिणी के ऐलान के बाद जल्द मोदी कैबिनेट में बदलाव के भी कयास लगाए जा रहे हैं।

