नीरव मोदी का भाई नेहल अमेरिका में गिरफ्तार: रेड कॉर्नर नोटिस जारी होने पर लिया गया एक्शन; प्रत्यर्पण मामले में अगली सुनवाई 17 जुलाई को
Published:
3 min read

नेहाल मोदी
भगोड़े हीरा कारोबारी निरव मोदी के भाई नेहल मोदी को अमेरिका से गिरफ्तार किया गया है। निहाल करोड़ों रुपए के पंजाब नेशनल बैंक(PNB) घोटाले का आरोपी है। यूएस जस्टिस डिपार्टमेंट के मुताबिक, नेहल मोदी बेल्जियन का नागरिक है। उसे भारत सरकार की ओर से दाखिल किए गए प्रत्यर्पण अनुरोध के बाद हिरासत में लिया गया है। नेहल को 4 जुलाई को गिरफ्तार किया गया। नेहल के प्रत्यर्पण के लिए भी भारत सरकार ने याचिका दायर की है। इस याचिका पर अगली सुनवाई 17 जुलाई को होगी।
नेहल पर मनी लॉन्ड्रिंग समेत 3 आरोप
अमेरिकी कोर्ट में दायर शिकायत के मुताबिक, नेहल पर तीन आरोप हैं। उस पर पीएमएलए कानून के तहत मनी लॉन्ड्रिंग, आपराधिक साजिश रचने और सबूत मिटाने के आरोप हैं। सेंट्रल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (CBI) और प्रवर्तन निदेशालय (ED) के अनुरोध पर उसके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया था। इस नोटिस पर संज्ञान लेते हुए अमेरिका के लाेकल अफसरों ने निहाल को गिरफ्तार किया है।
निहाल के प्रत्यर्पण पर चल रही सुनवाई
गिरफ्तारी से बचने के लिए नेहल ने रेड कॉर्नर नोटिस को अमेरिकी कोर्ट में चुनौती भी दी थी। हालांकि, वह इस नोटिस को रद्द करवाने में नाकाम रहा। इसके बाद उसे अरेस्ट कर लिया गया। भारत सरकार की ओर से नेहल के प्रत्यर्पण के लिए दायर याचिका पर अगली सुनवाई 12 दिन बाद होगी। इस दौरान नेहल की ओर से जमानत याचिका दायर की जा सकती है। हालांकि, अमेरिकी प्रोसेक्यूशन डिपार्टमेंट ने कहा है कि वह नेहल की जमानत याचिका का विरोध करेगा।
सबूतों को नष्ट करने में की नीरव की मदद
नेहल दीपक मोदी नीरव मोदी का छोटा भाई है। भारतीय अधिकारियों के मुताबिक, नेहल 2018 में हुए पीएनबी घोटाले के मुख्य आरोपियों में से एक है। नेहल ने अपने भाई नीरव मोदी को सबूत नष्ट करने में मदद की। इसके साथ ही मामले के गवाहों को धमकाया और इस घोटाले की जांच प्रभावित करने की कोशिश की। अपने भाई की मदद के लिए उसने घोटाले से आए करोड़ों रुपए को गैरकानूनी ढंग से विदेश भेजा। जांच में सामने आया कि नेहल ने फर्जी कंपनियों और विदेशी ट्रांजेक्शन की मदद से ब्लैक मनी देश से बाहर भेजा।
मामले में नीरव मोदी पहले ही हो चुका है अरेस्ट
पीएनबी घोटाले से भारतीय बैंकों को करीब 13,500 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ था। इस घोटाले में नीरव मोदी पर 6,498 करोड़ रुपए का हेरफेर करने का आरोप है। वहीं, उसके भाई मेहुल चोकसी पर 7,080.86 करोड़ रुपए के गबन करने का आरोप है। नीरव मोदी और मेहुल चोकसी दोनों जनवरी 2018 में भारत से फरार हो गए थे। नीरव मोदी को मार्च 2019 में लंदन में गिरफ्तार कर लिया गया था। वह फिलहाल वहीं की जेल में बंद है। मेहुल चोकसी फिलहाल एंटीगुआ में है। भारत सरकार मेहुल के भारत प्रत्यर्पण में भी जुटी है।

