बंगाल में फ्रीडम फाइटर को बताया आतंकवादी: यूनिवर्सिटी एग्जाम में पूछा सवाल, बीजेपी ने ममता सरकार को घेरा; कुलपति बोले- प्रिंटिंग मिस्टेक
Published:
2 min read

बंगाल में नेताप्रतिपक्ष और बीजेपी नेता सुवेंदु अधिकारी ने प्रश्न पत्र की फोटो सोशल मीडिया पर शेयर किए हैं।
पश्चिम बंगाल के मिदनापुर की विद्यासागर यूनिवर्सिटी के एग्जाम पेपर में फ्रीडम फाइटर को आतंकी लिखने पर विवाद खड़ा हो गया है। इसे लेकर बीजेपी नेता सुवेंदु अधिकारी ने ममता सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने इसे स्वतंत्रता सेनानियों का अपमान बताया।
दरअसल, यूनिवर्सिटी के एग्जाम पेपर में पूछा गया था- मिदनापुर जिले में 3 कलेक्टर (डीएम) के नाम बताइए, जिनकी हत्या मिलिटेंट (उग्रवादियों) ने की थी? विधानसभा में विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी ने सोशल मीडिया पर यूनिवर्सिटी एग्जाम पेपर की फोटो शेयर की। उन्होंने लिखा, ये बेहद अपमानजनक है कि विद्यासागर यूनिवर्सिटी के प्रशासनिक अधिकारियों ने एक बार फिर 6वें सेमेस्टर की परीक्षा पेपर में मिदनापुर के बहादुर फ्रीडम फाइटर को मिलिटेंट और आतंकी बताया। यह हमारे क्रांतिकारियों का अपमान है। यह कोई पहली गलती नहीं है, बल्कि हमारे इतिहास को जानबूझकर तोड़-मरोड़ कर पेश किया जा रहा है। ऐसी ही शर्मनाक गलती 2023 में की गई थी।
सुवेंदु अधिकारी ने लिखा कि 1933 में बर्गे, 1931 में पेडी और 1932 में डगलस को स्वतंत्रता संग्राम सैनानियों ने निशाना बनाया था। पेडी को बिमल दासगुप्ता और ज्योतिराबन घोष ने मारा था। डगलस को प्रभांशुशेखर पाल ने प्रद्योतकुमार के साथ मिलकर मारा था। बर्ग को अनाबंधु पांजा, मृग्नद्रनाथ दत्ता, रामकृष्ण रॉय, निर्मलजीवन घोष, ब्रजकिशोर चक्रवर्ती और अन्य क्रांतिकारियों ने मारा था। उन्होंने लिखा कि यह पहली बार नहीं है जो इस तरह का विवादित सवाल पूछा गया है। इसी तरह का सवाल 2023 में भी पूछा गया था।
कुलपति ने प्रिंटिंग एरर बताया
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर दीपक कुमार कौर ने कहा कि प्रिंटिंग एरर है। यह मॉडरेशन के वक्त अनजाने में हुई और प्रूफ रीडिंग के वक्त भी पकड़ में नहीं आई। लेकिन इस मामले को नजरअंदाज नहीं किया जा रहा है, क्योंकि यह मामला इसी जिले के फ्रीडम फाइटर से जुड़ा है। यूनिवर्सिटी में 9 जुलाई को ‘आधुनिक राष्ट्रवाद और भारत’ विषय पर परीक्षा आयोजित की गई थी। वाइस चांसलर ने परीक्षा कंट्रोलर और इतिहास स्नातक अध्ययन बोर्ड के अध्यक्ष से रिपोर्ट मांगी है।

