पिता ही बना हैवान: दो बेटियों से 5 साल तक करता रहा दुष्कर्म, मां भी रही चुप; तबीयत बिगड़ने के बाद दरिंदगी का हुआ खुलासा
Published:
2 min read

प्रतीकात्मक फोटो
जयपुर से रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। एक पिता अपनी 10 और 11 साल की बेटियों का 5 साल तक रेप करता रहा। इतना ही नहीं यह सब जानते हुए भी मां ने समाज और पति के डर से पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं कराई।
पुलिस के मुताबिक, मामला जयपुर के सदर थाना क्षेत्र का है। 20 जून को मां अपनी दोनों बेटियों को लेकर पास के हॉस्पिटल पहुंची। महिला ने डॉक्टर को बताया कि दोनों बच्चियों की हालत बहुत खराब है। दोनों का पेट दर्द हो रहा है, साथ ही बच्चियां मानसिक तनाव में है। डॉक्टर ने जांच के बाद रेप की पुष्टि की। हालांकि, मां ने पुलिस में शिकायत करने से इनकार कर दिया।
डिप्टी कमिश्नर अमित कुमार ने बताया, 21 जून को पुलिस को चाइल्ड लेबर और चाइल्ड सेक्सुअल वायलेंस के खिलाफ काम करने वाले एनजीओ 'आसरा फाउंडेशन' की ओर से सूचना मिली थी कि एक पिता ने अपनी 2 बेटियों के साथ रेप किया। लेकिन जब पुलिस ने बच्चियों की मदद के लिए मां से संपर्क किया तो उसने केस दर्ज कराने से इनकार कर दिया।
इसके बाद पुलिस ने एनजीओ की मदद से महिला की काउंसलिंग करके बयान दर्ज करने का प्लान बनाया। इसके बाद NGO के लोग मां के साथ दोनों बच्चियों को एक सुरक्षित जगह ले गए और काउंसलिंग की। इस दौरान खुफिया कैमरे भी लगाए गए। इस दौरान दोनों बच्चियों ने पिता की हैवानियत का पूरा सच बताया। महिला ने भी यह बात कबूली।
डिप्टी कमिश्नर ने बताया, पुलिस ने एनजीओ की रिपोर्ट और कैमरे की रिकॉर्डिंग के आधार पर FIR दर्ज की। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों बच्चियों को मेडिकल जांच के लिए भेजा गया।

