फरीदाबाद में महिला टीचर की हत्या: मास्क पहने हमलावर ने स्कूल गेट पर बात करने के लिए बुलाया था, 30 सेकंड में चेहरे-गर्दन पर 34 वार किए
Published:
3 min read

फरीदाबाद में स्कूल टीचर की हत्या
नेशनल डेस्क. फरीदाबाद के एक प्राइवेट स्कूल के बाहर एक महिला टीचर की हत्या कर दी गई। हमलावर मास्क पहनकर स्कूल पहुंचा था। उसने टीचर को बाहर मिलने बुलाया। जब टीचर उससे मिलने गेट पर पहुंची तो उसने चाकू से हमला कर दिया। हमलावर ने 30 सेकंड में टीचर के चेहरे-गर्दन पर 34 वार किए।
29 साल की संध्या फरीदाबाद के सिकरोना में प्राइवेट स्कूल में टीचर थी। स्कूल के मुताबिक, सोमवार सुबह एक युवक उससे मिलने आया। उसने गेट पर मौजूद स्टाफ से संध्या को बुलाने के लिए कहा। जैसे ही संध्या गेट पर आई, शख्स ने उसपर चाकू से हमला करना शुरू कर दिया।
बिना नंबर की बाइक से भागा
CCTV फुटेज में भी देखा जा सकता है कि मास्क पहने एक व्यक्ति स्कूल गेट पर आया और लॉबी में संध्या का इंतजार करने लगा। जैसे ही संध्या वहां पहुंची, उसने उसे बाहर की ओर आने का इशारा किया। इसके बाद शख्स ने संध्या की गर्दन पकड़ी और बाहर की ओर घसीटते हुए ले गया और चाकू से हमला करना शुरू कर दिया। महिला फर्श पर गिर गई। इसके बावजूद वह हमला करता रहा।
स्कूल प्रशासन के मुताबिक, संध्या की चीखें सुनकर जब वे लोग उसे बचाने के लिए गए तो हमलावर ने उनपर भी हमला करने की कोशिश की। इसके बाद वह फिर से संध्या पर चाकू से वार करने लगा। उसने संध्या के पेट और चेहरे पर करीब 20 बार और हमला किया। इसके बाद वह बिना नंबर प्लेट की बाइक से फरार हो गया। हमले के बाद संध्या को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया
पुलिस ने घटना के कुछ ही घंटों बाद आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान अमित (21 साल) के तौर पर हुई है। वह कोट गांव का रहने वाला है। उसने हत्या की बात कबूल कर ली है। शुरुआती जांच में पता चला है कि दो साल पहले अमित की मुलाकात संध्या से हुई थी और उसने कई मौकों पर उससे बात करने की कोशिश की थी। संध्या ने उससे बात करने के लिए मना कर दिया। इसके बावजूद अमित लगातार संध्या का पीछा करता रहा।
इसके बाद संध्या ने अमित के खिलाफ छेड़छाड़ की शिकायत दर्ज कराई थी। हालांकि, तब अमित ने सार्वजनिक तौर पर माफी मांग ली थी। पुलिस का मानना है कि बदला लेने के लिए अमित ने कदम उठाया।

