जम्मू कश्मीर में रात भर में दो जगहों पर बादल फटा : एक ही परिवार के 7 लोगों समेत 11 की मौत, 4 लापता; कटरा और जम्मू के बीच ट्रेन बंद
Published:
2 min read

शनिवार सुबह करीब 3 बजे लैंडस्लाइड की वजह से घर ढहने से परिवार के 7 लोगों की मौत।
जम्मू- कश्मीर में शुक्रवार और शनिवार की दरम्यानी रात दो जगहों पर बादल फटने की घटना हुई। रियासी और रामबन जिलों में अलग-अलग घटनाओं में कई लोगों की जान चली गई। रियासी में जहां एक ही परिवार के 7 लोगों की मौत हो गई, वहीं रामबन में 4 लोगों की मौत हो गई। 4 लोग लापता हैं।
बता दें कि जम्मू-कश्मीर में बीते 8 दिनों से भारी बारिश हो रही है। इसकी वजह से कई जिलों में सड़कें टूट गई हैं। जम्मू नेशनल हाईवे कई जगह धंसने और टूटने से बंद हो गया है। अफसरों के मुताबिक, नेशनल हाइवे को खोलने में अभी समय लगेगा। कटरा और जम्मू के बीच बीते पांच दिनों से ट्रेन बंद हैं।
रियासी जिले के माहौर इलाके में शनिवार सुबह करीब 3 बजे बादल फटने की वजह से लैंडस्लाइड हुआ, जिसकी वजह से घर ढह गया। पूरा परिवार मलबे में दब गया। पुलिस अफसर वकार यूनुस ने बताया कि परिवार के सात लोग करीब 3-4 घंटे तक मलबे में दबे रहे। सुबह गांव वालों को घर ढह जाने की जानकारी मिली। जिसके बाद कीचड़ और मलबे से गांव वालों ने लाशों को निकाला। हादसे में मरे सात लोगों में से पांच बच्चे थे, जिनकी उम्र 12,10,8,6 और 4 साल थी।
रामबन जिले में 3 की मौत 2 लापता
रामबन जिले के राजगढ़ इलाके में भी बादल फटने की घटना सामने आई। 4 लोगों की मौत और 4 के लापता हुए है। पुलिस के मुताबिक शनिवार रात करीब 12:30 बजे बादल फटा। जिसकी वजह से 4 लोगों की मौत हो गई और 4 लोग लापता है। पुलिस की ओर से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक, 30 अगस्त से 2 सितंबर तक जम्मू और कश्मीर के कई हिस्सों में भारी बारिश होने की आशंका है।

