क्यों बंगला खाली नहीं कर रहे पूर्व CJI : रिटायर जस्टिस चंद्रचूड़ बोले- सरकारी संपत्ति पर कब्जे का इरादा नहीं
Published:
2 min read

पूर्व CJI डीवाई चंद्रचूड़ अपनी पत्नी और दोनों बेटियां माही और प्रियंका के साथ।
पूर्व CJI डीवाई चंद्रचूड नवंबर 2024 में रिटायर हुए थे। लेकिन अभी तक उन्होंने अपना सरकारी बंगला खाली नहीं किया है। इस पर रविवार को खबर आई थी कि सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें CJI का ऑफिशियल बंगला खाली करने के लिए कहा है।
इस खबर के बाद उन्हें सोशल मीडिया पर ट्रोल किया गया। उनके खिलाफ टैक्स पेयर्स का पैसा जैसे शब्दों का इस्तेमाल तक किया गया। इस बारे में बात करते हुए जस्टिस चंद्रचूड़ ने कहा कि उन्हें सुविधाजनक घर ढूंढने में दिक्कत आ रही है, उनकी बेटियों के लिए विशेष घर की जरूरत है। उन्होंने कहा कि, उनका इरादा सरकारी संपत्ति पर कब्जा करना नहीं है।
पूर्व जस्टिस ऑफ इंडिया ने NDTV से बात करते हुए कहा कि उनकी बेटियां प्रियंका और माही को रेयर जेनेटिक डिस्ऑर्डर ‘नेमालाइन मायोपैथी’ नाम की एक बीमारी है, जो हड्डियों के मसल्स को प्रभावित करती है। इस बीमार का दुनिया में अभी तक कोई इलाज नहीं है, देश और विदेश में इस बीमारी पर रिसर्च की जा रही हैं। उन्हें स्पेशल केयर की जरुरत है। उनकी पत्नी कल्पना दास दिन रात उनकी देखभाल करती हैं। इसके लिए उन्हें एक विशेष सुविधाओं वाले घर की जरुरत है।
प्रियंका और माही को हर दिन अलग-अलग एक्सरसाइज की जरुरत रहती है। जिसमें रेस्पीरेटरी से लेकर न्यूरोलॉजिकल, दर्द को कम करने के लिए के लिए थैरेपी शामिल हैं। यह घर उनकी बेटियों के रहने के लिए मॉडिफाइड है, इस घर में बाथरुम भी उनकी कंडीशन के हिसाब से अलग तरीके से डिजाइन हैं। उन्होंने कहा कि बिना विशेष सुविधाओं वाले घर में जाना उनके परिवार के लिए कोई विकल्प नहीं है।
पूर्व सीजीआई ने कहा कि सरकार ने उन्हें अभी अस्थायी एक घर रेंट पर अलॉट किया था। लेकिन उस घर को 2 साल से इस्तेमाल नहीं किया गया था, और अभी वहां पर रिनोवेशन का काम जारी है। उनके घर का आधे से ज्यादा सामान पैक हो चुका है, जैसे ही वह घर तैयार होगा, वह इस घर को खाली कर देंगे।

