जम्मू-कश्मीर में सेना का ऑपरेशन महादेव: तीन आतंकवादी ढेर; दावा- मारे गए आतंकी पहलगाम हमले से जुड़े हो सकते हैं
Published:
3 min read

फोटो- सिंबोलिक
सोमवार को जम्मू-कश्मीर के लिडवास इलाके में सुरक्षाबलों ने तीन आतंकियों को मार गिराया। मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि मारे गए आतंकियों में पहलगाम हमले को अंजाम देने वाले भी शामिल हो सकते हैं। इसमें लश्कर का टॉप कंमाडर मूसा का भी नाम सामने आ रहा है। मूसा ही पहलगाम हमले का मास्टरमाइंड था। बताया जा रहा है कि हमले में शामिल दो और आतंकी यासिर और हमजा को भी मौत के घाट उतारा जा चुका है।
हालांकि, अभी तक सेना की तरफ से ऑफिशियल कन्फर्मेशन नहीं आई है। फिलहाल सेना का 'ऑपरेशन महादेव' अभी जारी है। सेना के चिनार कॉर्प्स ने इसकी जानकारी दी।
आज सुबह से ही ऑपरेशन जारी
जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर जिले के दारा इलाके में सोमवार को सुरक्षा बलों ने आतंकियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। लिडवास क्षेत्र में आतंकियों की मौजूदगी की खबर के बाद सेना ने 'ऑपरेशन महादेव' के तहत सर्च अभियान चलाया। जैसे ही सुरक्षा बलों ने इलाके को घेरा, आतंकियों के साथ मुठभेड़ शुरू हो गई।
सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए क्षेत्र में आम लोगों की आवाजाही पर रोक और इलाके की घेराबंदी कर दी गई है। पूरे क्षेत्र में तलाशी अभियान जोरों पर है। सेना के वरिष्ठ अधिकारी भी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। दो से तीन अन्य आतंकवादियों के हरवान इलाके में फंसे होने की जानकारी है। ऑपरेशन में सेना के साथ ही CRPF और जम्मू-कश्मीर पुलिस भी शामिल है।
आस-पास के इलाकों में अलर्ट
इलाके में इंटरनेट सर्विस फिलहाल रोक दी गई है। आसपास के गांवों को अलर्ट कर दिया गया है। सेना ने लोगों से एनकाउंटर वाली जगह से दूर रहने की अपील की है। सुरक्षा एजेंसियां मान रही हैं कि ये आतंकी पिछले कुछ महीनों में घाटी में हुए दो हमलों से जुड़े हो सकते हैं। सेना ने कहा है कि ऑपरेशन महादेव फिलहाल जारी है। ऑपरेशन पूरा होने पर इसकी ऑफिशियल जानकारी दी जाएगी।
लोगों से धर्म पूछकर गोलियां मारीं
22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में बैसरन घाटी में पाकिस्तान से आए आतंकियों ने हमला कर दिया। आतंकियों ने टूरिस्ट्स से धर्म पूछकर गोलियां मारी थीं। इस हमले में 26 लोगों की जान चली गई। हमले की जिम्मेदारी लश्कर ए तैयबा के ही एक ग्रुप TRF ने ली थी।
इसके जवाब में 7 मई को भारत ने 'ऑपरेशन सिंदूर' के तहत पाक अधिकृत कश्मीर (POK) और पाकिस्तान में स्थित 9 आतंकी ठिकानों पर हमला कर दिया। इस हमले में जैश ए मोहम्मद का सरगना मसूद अजहर के परिवार के कई सदस्य और साथी मारे गए। 100 से ज्यादा आतंकी ढेर हुए।
जवाब में पाकिस्तान ने भी भारत पर हमला किया, लेकिन उन्हें नाकाम कर दिया गया। इसके बाद भारत ने 9 मई को पाकिस्तान के कई सैन्य ठिकानों पर मिसाइलें दागीं। इससे पाकिस्तान के सैन्य संसाधनों को बहुत नुकसान हुआ। 10 मई को दोनों देशों के बीच सीजफायर हो गया।

