जम्मू-कश्मीर में 2 आतंकी ढेर: 1 अफसर और 3 सैनिक घायल; इंटरनेशनल बॉर्डर पर PAK घुसपैठिया गिरफ्तार
Published:
2 min read

कश्मीर के कुलगाम जिले में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ जारी है। (फाइल फोटो)
नेशनल डस्क। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली। यहां मुठभेड़ में जवानों ने दो आतंकियों को ढेर कर दिया। इस ऑपरेशन में 4 जवान भी जख्मी हुए हैं। उधर, जम्मू-कश्मीर में इंटरनेशनल बॉर्डर से एक पाकिस्तानी घुसपैठिए को भी गिरफ्तार किया गया है।
कुलगाम के गड्डर में सुरक्षाबलों को 3-4 आतंकियों के छिपे होने की जानकारी मिली थी। इसके बाद इलाके को घेरकर सर्च ऑपरेशन चलाया गया। जवानों को पास आते देख आतंकियों ने फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद से दोनों तरफ से गोलीबारी हो रही है। ऑपरेशन में अब तक दो आतंकियों को ढेर कर दिया गया है।
'ऑपरेशन अभी भी जारी है'
मुठभेड़ अभी भी जारी है। आतंकियों के साथ इस मुठभेड़ पर कश्मीर पुलिस का एक पोस्ट भी आया है। इसमें लिखा गया है, 'खुफिया जानकारी के आधार पर, कुलगाम के गुड्डर जंगल में मुठभेड़ शुरू हुई। जम्मू-कश्मीर पुलिस, सेना और CRPF की SOG मिलकर यह ऑपरेशन चला रही है।'
एक पाकिस्तानी घुसपैठिया पकड़ा गया
सेना के मुताबिक आरोपी का नाम सिराज खान है और वह पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के सरगोधा जिले का रहने वाला है। उसके पास से पाकिस्तानी करंसी भी जब्त की गई है। BSF के मुताबिक, घुसपैठिए को रविवार रात आरएसपुरा सेक्टर से पकड़ा गया। उसके पास एक मोबाइल भी था। गिरफ्तारी रात 9.20 पर हुई।

