केजरीवाल-हेमंत सोरेन को गिरफ्तार करने वाले ED अफसर का इस्तीफा: 2009 बैच के IRS कपिल राज ने रिटायरमेंट से 15 साल पहले छोड़ी नौकरी; नीरव-मेहुल केस में भी कर चुके जांच
Published:
3 min read

हेमंत सोरेन को जनवरी 2024 में जबकि अरविंद केजरीवाल को मार्च 2024 में गिरफ्तार किया गया था।
भारतीय राजस्व सेवा (IRS) अफसर कपिल राज ने इस्तीफा दे दिया। 45 साल के कपिल राज 2009 बैच के अफसर हैं और उन्होंने 16 साल नौकरी की। कपिल राज ने प्रवर्तन निदेशालय (ED) में रहकर अहम भूमिका निभाई और दो मुख्यमंत्रियों को भी गिरफ्तार किया। इसके अलावा वे नीरव मोदी और मेहुल चौकसी जैसे चर्चित मामलों में भी जांच कर चुके हैं।
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, वित्त मंत्रालय ने गुरुवार को आदेश जारी कर बताया कि राष्ट्रपति ने IRS अफसर कपिल राज का इस्तीफा स्वीकार कर लिया। राज ने इस्तीफे के पीछे निजी कारणों को बताया। उनकी सर्विस 15 साल और बची थी। लेकिन उन्होंने समय से पहले ही इस्तीफा दे दिया।
कौन हैं कपिल राज
पूर्व ईडी अफसर कपिल राज के नेतृत्व में जांच एजेंसी ने मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में दो सिटिंग सीएम को गिरफ्तार किया। कपिल राज ने ED में 8 साल काम किया। हाल ही में ईडी से उन्हें दिल्ली में GST इंटेलिजेंस विंग में एडिशनल कमिश्नर के पद पर तैनात किया गया था। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर के रहने वाले कपिल राज ने इलेक्ट्रॉनिक्स से बीटेक किया है।
हेमंत सोरेन और केजरीवाल को किया गिरफ्तार
कपिल राज ने पिछले साल जनवरी में जमीन घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन को गिरफ्तार करने वाली ईडी टीम को लीड किया था। हिरासत में लिए जाने से पहले हेमंत सोरेन ने राज्यपाल से मिलकर इस्तीफा दिया था। इस दौरान कपिल राज भी वहां मौजूद थे। इस्तीफे के तुरंत बाद ईडी ने सोरेन को हिरासत में ले लिया था।
पिछले साल मार्च में ही ईडी ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आवास पर रेड डाली थी। केजरीवाल को कपिल राज की मौजूदगी में 21 मार्च को गिरफ्तार किया गया था। कपिल राज को ईडी का तेज तर्रार अधिकारी माना जाता है। हाई-प्रोफाइल नेताओं की गिरफ्तारी के बाद वे ही ईडी टीम के लिए सवाल-जवाब तैयार करते थए। वे जांच के दौरान बारीकी से नजर रखते थे। कई बार वे अपनी टीम का मनोबल बढ़ाने के लिए रेड वाली जगह पर भी पहुंच जाते थे।
इकबाल मिर्ची और DHFL केस में भी की जांच
मुंबई में तैनाती के वक्त कपिल राज ने नीरव मोदी और मेहुल चौकसी के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग मामले में जांच की थी। इसके अलावा उन्होंने DHFL और इकबाल मिर्ची के केस की जांच में भी अहम भूमिका निभाई थी।

