कर्नाटक के डिप्टी CM ने विधानसभा में गाया RSS गीत : BJP बोली- राहुल को सीरियसली नहीं लेते कांग्रेस नेता, डीके शिवकुमार की सफाई- जन्म से कांग्रेसी हूं
Published:
3 min read

कांग्रेस शासित राज्य कर्नाटक के डिप्टी CM डीके शिवकुमार ने विधानसभा के अंदर RSS गीत गाया।(PHOTO PTI)
कर्नाटक के डिप्टी CM डीके शिवकुमार ने गुरुवार को विधानसभा में RSS का गीत ‘नमस्ते सदा वत्सले मातृभुमे’ गाया। इसको लेकर अब कर्नाटक में सियासी बहस शुरु हो गई है। बीजेपी ने कहा है कि अब कांग्रेस के नेता ही RSS की तारीफ करने लगे हैं। राहुल गांधी को कांग्रेस के नेता सीरियसली नहीं लेते। वहीं, डीके शिवकुमार ने अपनी सफाई में कहा है- मैं जन्म से कांग्रेसी हूं। एक नेता के तौर पर मैं विरोधियों और दोस्तों को जानता हूं।
शिवकुमार का 73 सेकेंड का वीडियो वायरल
डिप्टी CM डीके शिवकुमार का 73 सेंकेंड का एक वीडियो वायरल है। इसमें वह विधानसभा परिसर में RSS गीत- नमस्ते सदा वत्सले मातृभूमि गाते नजर आ रहे थे। बताया जा रहा है कि वीडियो गुरुवार का है। शुक्रवार को BJP ने इसे लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा। कर्नाटक विधानसभा में विपक्ष के नेता R अशोका ने कहा कि इससे पहले शिवकुमार ने RSS की ड्रेस पहनी थी। अब उन्होंने खुशी से RSS गीत गाया है।
कांग्रेस के नेता कर रहे RSS की तारीफ- BJP
BJP के प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने सोशल मीडिया X पर लिखा कि ‘नमस्ते सदा वत्सले मातृभुमे’ डीके शिवकुमार ने कर्नाटक विधानसभा में RSS गीत गाया। अब राहुल गांधी और गांधी वाड्रा परिवार के करीबी सहयोगी सीधे ICU/कोमा में हैं। PM मोदी ने स्वतंत्रता दिवस पर लाल किले से RSS के योगदान को याद किया था। अब कांग्रेस के नेता भी RSS की तारीफ कर रहे हैं। थरुर से लेकर डीके शिवकुमार तक कोई भी नेता राहुल गांधी को गंभीरता से नहीं लेता।
वे बच्चों को बरगलाने की कोशिश कर रहे- शिवकुमार
डिप्टी CM डीके शिवकुमार ने कहा कि मैं जन्मजात कांग्रेसी हूं। मैंने सभी राजनीतिक दलों पर शोध किया है। मैं जानता हूं कि RSS कर्नाटक में कैसे संस्थानों को तैयार कर रहा है। वे हर जिले के सभी स्कूलों का अधिग्रहण कर रहे हैं। वे बच्चों को बरगलाने की कोशिश कर रहे हैं। एक नेता के तौर पर मुझे पता होना चाहिए कि मेरे विरोधी कौन हैं और मेरे दोस्त कौन । मैं सिर्फ RSS और उसके इतिहास के बारे में जानने की कोशिश करता हूं। राजनीतिक रूप से हमारे बीच बहुत मतभेद हैं।
शिवकुमार ने RSS पर बोला था हमला
इससे पहले 15 अगस्त को डीके शिवकुमार ने PM नरेंद्र मोदी के स्वतंत्रता दिवस भाषण में RSS का जिक्र करने पर हमला बोला था। उन्होंने कहा था कि RSS का कोई इतिहास नहीं है। हम सभी जानते हैं कि RSS ने लंबे समय तक राष्ट्रीय ध्वज नहीं फहराया। इस मामले में वाजपेयी जी ने पहल की थी।

