दिशा सालियान डेथ केस: आदित्य ठाकरे-अनिल देशमुख को 500 करोड़ का मानहानि नोटिस; पिता ने कहा- बेटी की मौत पर दिए बयान 7 दिन में वापस लें
Published:
3 min read

दिशा सालियान केस में CBI की FIR में आदित्य ठाकरे और महाराष्ट्र के पूर्व गृह मंत्री अनिल देशमुख का भी नाम है।
नेशनल डेस्क. दिवंगत दिशा सालियान के पिता सतीश सालियान ने अपनी बेटी की मौत पर दिए गए बयानों को लेकर शिवसेना (उद्धव गुट) के नेता आदित्य ठाकरे और महाराष्ट्र के पूर्व गृह मंत्री अनिल देशमुख से 500 करोड़ रुपए का मानहानि नोटिस भेजा है।
सतीश सालियान द्वारा भेजे गए नोटिस में दोनों नेताओं से माफी मांगने, अपने बयान वापस लेने और मुआवजे के तौर पर 500 करोड़ रुपये देने की मांग की गई है। उन्हें इन मांगों को पूरा करने के लिए सात दिन का समय दिया गया है।
ये नोटिस आदित्य ठाकरे को ऐसे समय पर भेजा गया, जब एक दिन पहले ही उन्होंने एक्टर सुशांत राजपूत की मैनेजर रहीं दिशा सालियान मामले में CBI की FIR को लेकर बयान जारी किया था। बॉम्बे हाईकोर्ट के आदेश पर मामले में जांच कर रही CBI की FIR में आदित्य ठाकरे, सूरज पंचोली, डिनो मोरिया और रिया चक्रवर्ती समेत कई पुलिस अफसरों के नाम हैं।
ये भी पढ़ें: कभी दिशा सालियान से नहीं मिला: CBI की FIR में नाम पर आदित्य ठाकरे ने तोड़ी चुप्पी; कहा- ये चरित्र हनन की कोशिश
आदित्य ठाकरे ने कहा- मैं दिशा को न जानता था, न ही उससे मिला
शिवसेना (उद्धव गुट) के नेता आदित्य ठाकरे ने बुधवार को कहा कि वे कभी भी दिशा सालियान से नहीं मिले। उन्होंने कहा- इस केस में मेरा नाम जोड़कर चरित्र हनन की कोशिश की जा रही है। आदित्य ठाकरे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट में लिखा- अफवाहों को रोकने के लिए मैं एक बार फिर सिर्फ और सिर्फ फैक्ट रख रहा हूं। मैं कभी दिशा सालियान से नहीं मिला और न ही मेरी उनके साथ कोई जान पहचान थी। राजनीतिक हितों के लिए व्यक्तिगत दुश्मनी से और चरित्र हनन के इरादे से पिछले 6 सालों से कुछ लोग जानबूझकर मेरा नाम इस घटना से बार-बार जोड़ने की कोशिश कर रहे हैं, जबकि इसका कोई सबूत या संबंध नहीं है।
क्या है मामला
दिशा सालियान की 8 जून 2020 को मुंबई के मलाड इलाके में एक हाईराइज बिल्डिंग से गिरने के बाद मौत हुई थी। वह सेलिब्रिटी मैनेजर के तौर पर काम करती थीं और कुछ समय के लिए एक्टर सुशांत सिंह राजपूत के साथ भी जुड़ी थीं।

अब इसे इत्तेफाक कहें या कुछ और…लेकिन दिशा की मौत के सिर्फ 6 दिन बाद, 14 जून 2020 को सुशांत सिंह राजपूत की भी मौत हो गई थी। दोनों मामले आज तक मीडिया की सुर्खियों में तब्दील हो जाते हैं। दोनों घटनाओं को जोड़कर सोशल मीडिया और राजनीतिक स्तर पर कई तरह के दावे सामने भी आते रहे हैं।
CBI की FIR में क्या
दिशा सालियान के पिता सतीश सालियान की याचिका पर बॉम्बे हाईकोर्ट ने CBI को जांच करने का आदेश दिया है। CBI ने इस मामले में FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। FIR में आदित्य ठाकरे, एक्टर डिनो मोरिया, रिया चक्रवर्ती समेत अन्य लोगों के नाम हैं।
CBI ने मर्डर, गैंगरेप, आपराधिक साजिश, सबूतों को मिटाने और गलत जानकारी देने से संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया है। CBI की FIR के मुताबिक, तत्कालीन CM और आदित्य ठाकरे के पिता उद्धव ठाकरे और अन्य लोगों ने इस मामले में साजिश और घटना को छिपाने में अहम भूमिका निभाई।
पुलिस अधिकारियों की भूमिका पर भी सवाल
FIR में कहा गया है कि दस्तावेज, फाइलें और अन्य सार्वजनिक दस्तावेजों को नष्ट करने या छिपाने, आधिकारिक दस्तावेजों में हेराफेरी करने और पुलिस सिस्टम का दुरुपयोग करने और अपराधियों को संरक्षण देने के लिए संबंधित पुलिस अधिकारी और अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी जांच के दायरे में हैं।

