लाल किले पर तैनात 7 पुलिसकर्मी सस्पेंड: मॉक ड्रिल के दौरान डमी बम नहीं पकड़ पाए सुरक्षाकर्मी; 5 बांग्लादेशी नागरिक भी गिरफ्तार
Published:
2 min read

लाल किले पर तैनात 7 पुलिसकर्मी सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही के चलते सस्पेंड (फाइल फोटो- पीटीआई)
स्वतंत्रता दिवस से पहले लाल किले की सुरक्षा में बड़ी चूक सामने आई है। मॉक ड्रिल के दौरान डमी बम न पकड़ पाने पर लाल किले की सुरक्षा में तैनात 7 पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया गया है। उधर, लाल किले के पास घूम रहे 5 बांग्लादेशियों को भी गिरफ्तार किया गया है।
समाचार एजेंसी के मुताबिक, दिल्ली पुलिस की स्पेशल टीम ने स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर सिक्योरिटी ड्रिल की थी। इसके तहत स्पेशल सेल की टीम सादे कपड़ों में डमी बम लेकर लाल किले में घुसने में सफल रही। लाल किले की बाहरी सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी इसे नहीं पकड़ पाए। ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही के आरोप में 7 पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया गया।
सुरक्षा तैयारियों में जुटी दिल्ली पुलिस
दिल्ली पुलिस 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों में जुटी है। सुरक्षा के आकलन और इसे मजबूत करने के लिए हर रोज सिक्योरिटी ड्रिल कराई जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लाल किला की प्राचीर से तिरंगा फहराएंगे और देश को संबोधित करेंगे।
5 बांग्लादेशी नागरिक भी गिरफ्तार
एक अन्य घटना में दिल्ली पुलिस ने सोमवार को लाल किले के पास से 5 बांग्लादेशी नागरिकों को भी गिरफ्तार किया है। समाचार एजेंसी के मुताबिक, ये लोग लाल किले में जबरन घुसने की कोशिश कर रहे थे। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार बांग्लादेशी नागरिकों की उम्र 20 से 25 साल है। ये सभी अवैध प्रवासी हैं और दिल्ली में मजदूरी करते हैं।
दिल्ली में स्वतंत्रता दिवस पर बढ़ाई गई सुरक्षा
दिल्ली में स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता कर दिया गया है। पुलिस राजधानी में प्रवेश करने वाले सभी वाहनों की चेकिंग कर रही है। पुलिस ने 2 अगस्त से 16 अगस्त तक पूरी राजधानी में ड्रोन उड़ाने पर रोक लगा दी है।

