4 राज्यों से 5 आतंकी पकड़े गए: पाकिस्तानी हैंडलर्स के संपर्क में थे; इनके पास से बम बनाने का सामान बरामद
Published:
2 min read

पुलिस ने इस मामले में 8 संदिग्धों से पूछताछ की थी, इनमें 5 पकड़े गए। इनके पास से IED बम बनाने में काम आने वाले कई सामान बरामद किए गए हैं। फोटो- ANI
दिल्ली पुलिस ने 4 राज्यों से 5 संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार किया है। दो आतंकी दिल्ली से जबकि तीन आतंकी मध्य प्रदेश, रांची और हैदराबाद से पकड़े गए हैं। पुलिस ने इनके पास से विस्फोटक बनाने का सामान भी बरामद किया है। ये आतंकी पाकिस्तान में बैठे हैंडलर्स के संपर्क में थे। पुलिस का दावा है कि ये किसी बड़े साजिश को अंजाम देने वाले थे। पुलिस ने इस मामले में 8 संदिग्धों से पूछताछ की थी, इनमें 5 पकड़े गए।

पाकिस्तानी हैंडलर्स के संपर्क में था मुख्य आतंकी
न्यूज एजेंसी ANI के हवाले के कहा गया कि ये पांचों आतंकी सोशल मीडिया के जरिए युवाओं को धर्म के नाम पर भड़काते थे। पुलिस को जांच में पता चला है कि इस मॉड्यूल का एक मुख्य सदस्य अशरफ दानिश भारत से ही ऑपरेशन चला रहा था। वो मुंबई का रहने वाला है और आतंकी संगठन ISIS के मॉड्यूल पर काम कर रहा था।
इसके अलावा वो पाकिस्तान में बैठे लोगों से सोशल मीडिया और एन्क्रिप्टेड मैसेजिंग ऐप के जरिए संपर्क में था। पुलिस के मुताबिक, इस आतंकवादी समूह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स का इस्तेमाल युवाओं को कट्टर बनाने और उन्हें आतंकवादी संगठन से जोड़ने के लिए किया।
इनके पास बम बनाने के सामान मिले
पुलिस ने इनके पास से IED बम बनाने में काम आने वाले कई सामान भी बरामद किए हैं। इनमें देशी पिस्टल, जिंदा कारतूस, हाइड्रोक्लोरिक एसिड, नाइट्रिक एसिड, सल्फर पाउडर, तांबे की चादरें, इलेक्ट्रॉनिक सर्किट, लैपटॉप, मोबाइल फोन और नकदी शामिल हैं। जांच में सामने आया है कि ये आतंकी केमिकल बम बनाने की भी तैयारी में थे।

