10 साल से अलग रह रहे पति ने पत्नी की हत्या की: साधु बनकर बिहार से दिल्ली आया था, हथौड़े से पीट-पीटकर मार डाला; पुलिस तलाश में जुटी
Published:
2 min read

आरोपी प्रमोद ने पत्नी किरण की हत्या की।
10 साल से अलग रह रहे शख्स ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी। ये मामला साउथ दिल्ली के नेब सराय इलाके है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी साधु बनकर दिल्ली आया था और उसने बुधवार को हथौड़े से पीट-पीटकर पत्नी की हत्या कर दी। हत्या को अंजाम देने के बाद वह फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
पुलिस के मुताबिक, 55 साल का प्रमोद बिहार के मुंगेर के एक गांव का रहने वाला है। लगभग 10 साल से प्रमोद और पत्नी किरण झा एक दूसरे से अलग रह रहे थे। किरण झा साउथ दिल्ली के नेब सराय इलाके में अपने बेटे और बहू के साथ रहती थी। जांच में पता चला है कि 1 जुलाई को प्रमोद साधु बनकर दिल्ली पहुंचा था।
रात 1 बजे घर में घुसकर की हत्या
दिल्ली पुलिस ने बताया, किरण का बेटा बिहार के दरभंगा में एक प्राइवेट कंपनी में काम करता है। वह काम के सिलसिले में घर से बाहर गया था। आरोपी प्रमोद बुधवार को रात करीब 1 बजे किरण के घर पहुंचा और उसने किरण की हत्या कर दी।
हत्या की सूचना मिलने पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंची। इस दौरान हत्या में इस्तेमाल किए गए हथौड़े को बरामद कर लिया गया। आरोपी प्रमोद झा को गिरफ्तार करने के लिए रेलवे और बस स्टॉप पर छापेमारी की गई और जांच के लिए कई पुलिस टीमें गठित की गई हैं। इलाके में लगे सीसीटीवी की भी जांच की गई है। इनमें आरोपी प्रमोद किरण के घर से बाहर निकलता दिख रहा है।

