दिल्ली, औने-पौने दाम में बेचनी पड़ रही रेंज रोवर: बैन से नाराज कार मालिक बोला- सिर्फ 74 हजार किमी चली थी गाड़ी, अभी 2 लाख और चलती
Published:
2 min read

कार मालिक ने सोशल मीडिया पर गाड़ी की फोटो डाल निराशा जाहिर की है।
दिल्ली में पेट्रोल और डीजल की पुरानी गाड़ियों पर बैन की वजह से एक व्यक्ति को अपनी रेंज रोवर कार बेचनी पड़ रही है। उसने सोशल मीडिया पर कार की तस्वीर शेयर कर निराशा जाहिर की है। उसने लिखा कि मुझे अपनी गाड़ी दिल्ली से बाहर औने-पौने दाम में बेचनी पड़ रही है।
दिल्ली सरकार ने 1 जुलाई से 10 साल पुरानी डीजल और 15 साल पुरानी पेट्रोल गाड़ियों पर बैन लगा दिया है। फ्यूल स्टेशन वालों को हिदायत दी गई है कि अगर उन्होंने ऐसी गाड़ियों को ईंधन दिया तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
2 लाख किमी और चल सकती थी कार
रितेश गंडोत्रा नाम के एक शख्स ने एक्स पर लिखा- देखा जाए तो मेरी कार को अभी सिर्फ 8 साल हुए थे। 2 साल लॉकडाउन के दौरान गैराज में पड़ी थी। सिर्फ 74 हजार किमी चल पाई है। आराम से 2 लाख किमी और चल सकती है। लेकिन,10 साल पुरानी डीजल गाड़ियों पर बैन की वजह से मैं अब अपनी कार को बेचने के लिए मजबूर हूं। वो भी दिल्ली से बाहर किसी औने-पौने दाम में। अब नई कार खरीदने जाओ तो 45% GST लगती है, ये कोई अच्छी पॉलिसी नहीं है, बल्कि शोषण है।
62 लाख गाड़ियों को अब ईंधन नहीं मिलेगा
दिल्ली में इस वक्त 62 लाख ऐसी गाड़ियां हैं, जो 10 साल या इससे ज्यादा पुरानी हैं। इनके इस्तेमाल पर रोक लगा दी गई है। ऐसी गाड़ियों को ईंधन देने से मना कर दिया गया है। गाड़ी मालिकों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपनी गाड़ी स्क्रैप करा लें। इस निर्णय का काफी विरोध हो रहा है। सोशल मीडिया यूजर्स दिल्ली सरकार के इस फरमान पर नाराजगी जाहिर कर रहे हैं। जबकि दिल्ली सरकार का कहना है कि उन्होंने यह फैसला प्रदूषण से रोकथाम के लिए किया है।

