दिल्ली हाईकोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी: ईमेल में कहा- कोर्ट रूम में तीन बम रखे हैं, जजों और वकीलों से कैंपस खाली कराया गया
Published:
2 min read

दिल्ली हाईकोर्ट को बुधवार को एक ईमेल मिला, जिसमें कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। (फाइल फोटो)
नेशनल डेस्क। दिल्ली हाईकोर्ट को बुधवार को एक ईमेल मिला, जिसमें कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। इसमें कहा गया था कि कोर्ट रूम में बम प्लांट किया गया है। ईमेल मिलते ही कोर्ट कैंपस में अफरा-तफरी मच गई। जजों और वकीलों को तत्काल परिसर खाली करने को कहा गया। बम स्क्वाड और डॉग स्क्वाड मौके पर पहुंचे और पूरे परिसर की तलाशी शुरू की गई।
कोर्ट के ऑफिशियल मेल पर आई धमकी
दिल्ली पुलिस के अधिकारियों के मुताबिक, धमकी भरा ईमेल कोर्ट के ऑफशियल मेल पर आया। इसमें लिखा गया था कि हाईकोर्ट को बम से उड़ा दिया जाएगा। यह मेल आते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों अलर्ट मोड में आ गई। कोर्ट की कार्यवाही रोक दी गई और सभी को बाहर निकाल दिया गया। बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वाड और स्थानीय पुलिस ने कैंपस की बारीकी से जांच की।
ईमेल में दावा किया गया है कि कोर्ट कैंपस में तीन बम रखे गए हैं। इमेल में कैंपस को दोपहर 2 बजे तक खाली करने को कहा गया था। इस इमेल में बम कहा रखा गया है इसकी सटीक जानकारी नहीं दी गई। ये इमेल कनिमोझी थेविडिया की आईडी से भेजा गया है। इसमें दावा किया गया कि आज फिर से पटना में 1998 के बम धमाकों की घटना दोहराई जाएगी।
इसके लिए शिया मुस्लिम युवा डॉ शाह फैसल साजिश रच चुका है। उसने कोयंबटूर स्थित पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई के नेटवर्क के साथ कॉन्टैक्ट कर लिया है। मेल में कथित तौर पर IED डिवाइसेज तक पहुंचने और कोड डिएक्टिवेट करने के लिए एक नाम और फोन नंबर भी दिया गया था।
तमिलनाडु की राजनीति का जिक्र
इस ईमेल में पॉलिटिकल मुद्दा उठाया गया है। मेल में लिखा गया है कि सिर्फ सेकुलर पार्टियों को ही सत्ता में रहने दिया जाएगा। जो पार्टियां सेकुलर नहीं है उन्हें सत्ता से बेदखल कर दिया जाएगा। साथ ही तमिलनाडु की पार्टियों के नाम का भी जिक्र है। इसमें कहा गया है कि अब डॉ. एझिलन नागनाथन DMK की कमान संभालें। तमिलनाडु के डिप्टी CM उदयनिधि स्टालिन के बेटे इनबानिधि उदयनिधि पर इसी हफ्ते तेजाब से हमला किया जाएगा।

