दिल्ली के स्कूलों को फिर से बम से उड़ाने की धमकी मिली: पूर्व CM केजरीवाल बोले- BJP न तो दिल्ली संभाल सकती है, न ही कानून-व्यवस्था
Published:
2 min read

दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने BJP को चार इंजन वाली सरकार बोलते हुए कहा- BJP सरकार न तो दिल्ली संभाल पा रही, न ही कानून व्यवस्था।
राजधानी दिल्ली में सोमवार को तीन स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली। यह पहला मौका नहीं है, जब स्कूलों को इस तरह की धमकियां मिली हों। पिछले एक साल से ज्यादा समय से इस तरह के हॉक्स मेल स्कूलों को मिलते रहे हैं। स्कूलों को मिल रहीं लगातार धमकियों के मुद्दे पर दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल ने बीजेपी सरकार पर निशाना साधा है।
राजधानी के द्वारका स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल, मॉर्डन कॉन्वेंट स्कूल और श्री राम वर्ल्ड स्कूल को सोमवार को बम से उड़ाने की धमकी दी गई। इसे लेकर केजरीवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, आज दिल्ली पब्लिक स्कूल, द्वारका समेत द्वारका के कई स्कूलों को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिली, लेकिन BJP सरकार ने अभी तक कोई एक्शन नहीं लिया और न ही कोई कार्रवाई की।
केजरीवाल ने आगे कहा- BJP न तो दिल्ली को संभाल सकती और न ही कानून-व्यवस्था को बनाए रख सकती है। राजधानी दिल्ली के द्वारका क्षेत्र में स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल, मॉर्डन कॉन्वेंट स्कूल और श्री राम वर्ल्ड स्कूल में ई-मेल के माध्यम से धमकियां दी गई। जिससे छात्रों में दहशत फैल गई।
दिल्ली पुलिस क्या काम कर रही- AAP नेता आतिशी
AAP पार्टी की वरिष्ठ नेता आतिशी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा- बच्चे और पेरेंट्स डर के जी रहे हैं। स्कूलों को दिए जा रहे बम से उड़ाने की धमकियों का सिलसिला रुकने का नाम ही नहीं ले रहा है। अखिर, दिल्ली पुलिस क्या काम कर रही? बच्चे और पेरेंट्स भय में जी रहे हैं, लेकिन BJP की चार इंजन वाली सरकार सुरक्षा व्यवस्था बनाने में नाकाम हो रही है।

